Last Updated: Tuesday, May 29, 2012, 19:52
नई दिल्ली : देश के उत्तरी और पूर्वी भागों में झुलसाने वाली गर्मी पड़ रही है। उत्तर प्रदेश में गर्मी ने दो लोगों की जान ले ली। राष्ट्रीय राजधानी में तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक है। न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस रहा।
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में दो रेलयात्री मृत पाए गए। इस इलाके में तापमान 42.7 डिग्री सेल्सियस रहा। पंजाब और हरियाणा में गर्मी का प्रकोप और बढ़ गया है और यहां विभिन्न इलाकों में अधिकतम तापमान 42-45 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।
चंडीगढ़ में बला की गर्मी पड़ रही है और यहां भी अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के आसपास चल रहा है। पंजाब में अमृतसर, लुधियाना, पटियाला, जालंधर और हरियाणा में हिसार, अंबाला, रोहतक, करनाल, गुड़गांव और भिवानी में शदीद गर्मी पड़ रही है। इन स्थानों पर तापमान 43 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया।
झारखंड में गर्मी का प्रकोप अपने चरम पर है। राज्य के कई शहरों में तापमान 40 डिग्री से उपर बना हुआ है। यहां गढ़वा में कल लगातार चौथे दिन तापमान 46 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह जिला राज्य का सबसे गर्म इलाका रहा। राज्य की राजधानी में भी 40.1 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ आज का दिन पसीने और लू के बीच गुजरा। (एजेंसी)
First Published: Tuesday, May 29, 2012, 19:52