उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में बारिश, उमस जारी

उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में बारिश, उमस जारी

नई दिल्ली : उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में आज बारिश हुयी। उत्तरप्रदेश में कई नदियां उफान पर है वहीं राज्य में बारिश संबंधी घटनाओं में पांच लोगों की मौत के साथ बारिश के इस मौसम में मरने वालों की कुल संख्या 161 हो चुकी है।

राष्ट्रीय राजधानी में छिटपुट बारिश हुयी जिससे दिन भर गर्मी और उमस बरकरार रही। अधिकतम तापमान 37.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान 26.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह से कुल 19.2 मिलीमीटर बारिश हुयी।

उत्तरप्रदेश में कई नदियां उफान पर है। कुछ इलाकों में थोड़ी बहुत बारिश हुयी। बारिश संबंधी घटनाओं में पांच और लोगों की जान चली गयी। बहराइच में दो लोगों की, फतेहपुर में दो की और बाराबंकी में एक व्यक्ति की मौत हो गयी। लखनउ में राहत आयुक्त कार्यालय ने बताया कि इस मानसून में कुल 161 लोगों की जान जा चुकी है।

केंद्रीय जल आयोग के सूत्रों के मुताबिक, फतेहगढ, कन्नौज, कानपुर देहात में अंकिनघाट, कानपुर और बलिया में गंगा नदी खतरे के निशान के करीब बह रही है। चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लुधियाना में तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस रहा और 4 मिलीमीटर बारिश हुयी।

हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में आज भारी बारिश हुयी। जोगिंदरनगर, बैजनाथ और पालमपुर में क्रमश: 130 मिलीमीटर, 124 मिलीमीटर और 90 मिलीमीटर बारिश हुयी। राज्य की राजधानी शिमला में शाम तक 70 मिलीमीटर बारिश हुयी। (एजेंसी)

First Published: Wednesday, July 24, 2013, 23:56

comments powered by Disqus