उत्तर भारत में गर्मी का असर बरकरार

उत्तर भारत में गर्मी का असर बरकरार

नई दिल्ली : भारत के उत्तरी और पूर्वी हिस्सों में मंगलवार को अधिकतर स्थानों पर पारा सामान्य से ऊपर रहा और राजधानी दिल्ली में अधिकतम तापमान 42.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिल्ली में अधिकतम तापमान जहां सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक रहा वहीं न्यूनतम तापमान 28.6 डिग्री के स्तर पर रहा जो सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस अधिक है।

पूर्वी उत्तर प्रदेश के अधिकतर स्थानों पर गर्म हवाएं चलीं। फैजाबाद, इलाहाबाद, गोरखपुर, वाराणसी और कानपुर में पारा सामान्य से अधिक रहा। बरेली, मुरादाबाद, मेरठ और झांसी मंडलों में भी अधिकतम तापमान का स्तर सामान्य से अधिक रहा। राज्य में सर्वाधिक तापमान इलाहाबाद में 46.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजस्थान में सबसे गर्म श्रीगंगानगर रहा जहां अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस रहा।

कल देश कुछ हिस्सों में लू का प्रकोप देखा गया और सीआरपीएफ के एक कांस्टेबल समेत दो लोगों की जान चली गयी।
बिहार के मुंगेर जिले में माओवादियों के खिलाफ अभियान में शामिल सीआरपीएफ के हैड कांस्टेबल जगदीश राम की लू की चपेट में आने के बाद मौत हो गई। इसके अलावा कोलकाता में कांस्टेबल की भर्ती के लिए आये एक युवक की भी मौत हो गयी जो पांच दिन पहले शारीरिक जांच के समय बेहोश हो गया था। (एजेंसी)

First Published: Wednesday, June 13, 2012, 00:54

comments powered by Disqus