Last Updated: Saturday, August 11, 2012, 22:14
नई दिल्ली : उत्तर भारत के कई हिस्सों में आज वर्षा हुई जिससे क्षेत्र में पारा सामान्य स्तर के करीब आ गया। वहीं, उत्तर प्रदेश में अनेक स्थानों पर गंगा नदी के जलस्तर में वृद्धि हो रही है। राष्ट्रीय राजधानी में आज भारी वर्षा हुई जिससे सड़क यातायात प्रभावित हुआ। मौसम विभाग ने बताया कि राष्ट्रीय राजधानी में 17.2 मिमी वष्रा दर्ज की गई जबकि आर्द्रता 64 फीसदी और 95 फीसदी के बीच है।
पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी कुछ स्थानों पर बारिश और गरज के साथ छींटे पड़े। आगरा में पांच मिमी वर्षा हुई जबकि गुन्नौर और सुल्तानपुर में 4 मिमी वष्रा हुई। केंद्रीय जल आयोग के सूत्रों ने बताया कि ज्यादातर नदियों में जलस्तर या तो घट रहा है या स्थिर है। सिर्फ गंगा नदी का जलस्तर डलमाउ से बलिया तक बढ़ता हुआ दिख रहा है।
सूत्रों ने बताया कि पालिया कलां में शारदा, एल्गिन ब्रिज में घाघरा और ककराही में बरही राप्ती अब भी खतरे के निशान पर बह रही है। राजस्थान के कई हिस्सों में बारिश हुई। चित्तौड़गढ़ में अधिकतम 31 मिमी वर्षा हुई जबकि चुरु में 23 मिमी वर्षा हुई।
मौसम विभाग के अनुसार अजमेर, कोटा, वनस्थली, डाबोक, जयपुर और जोधपुर में आज क्रमश: 18 मिमी, 12.6 मिमी, 11.3 मिमी, 8.6 मिमी, 4.4 मिमी और 2.9 मिमी वर्षा हुई। पिछले कुछ दिनों की बारिश के बाद आज पंजाब और हरियाणा के ज्यादातर हिस्सों में सूखा रहा। अधिकतम तापमान सामान्य से कुछ डिग्री उपर रहा। अमृतसर में बारिश के बाद 33.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।
मौसम विभाग ने यहां बताया कि चंडीगढ़ में 35.7 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक है। हरियाणा के अंबाला में 35.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक है। वहीं हिसार में 34 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। (एजेंसी)
First Published: Saturday, August 11, 2012, 22:14