Last Updated: Friday, July 27, 2012, 21:28
नई दिल्ली : अरसे बाद दिल्ली में शुक्रवार को बारिश से लोगों को राहत मिली। हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश सहित उत्तर भारत में बारिश का दौर जारी रहा। यद्यपि बिहार में हल्की बूंदाबांदी से उमस बढ़ गई। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को बारिश होने की सम्भावना है। दिल्ली में शुक्रवार को आसमान में बादल छाए रहे। दिन में बारिश होने से लोगों को राहत मिली। मौसम विभाग ने शनिवार को बारिश होने की सम्भावना जताई है।
राष्ट्रीय राजधानी का अधिकतम तापमान 35.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि न्यूनतम तापमान 28.7 डिग्री सेल्सियस था। भारतीय मौसम विभाग के अधिकारी ने बताया कि दिन में सुबह 8.30 बजे से शाम 5.30 बजे तक 12 मिमी बारिश दर्ज की गई। अधिकारी ने बताया कि शनिवार को आसमान में बादल छाए रहेंगे और बारिश के एक या दौर आएंगे। कल अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश 34 एवं 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की सम्भावना है।
उत्तर प्रदेश में बीते कई दिनों से रुक-रुककर हो रही बारिश से मौसम सुहाना हो गया। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 48 घंटों के दौरान राजधानी लखनऊ और खासतौर से पश्चिमी इलाकों में जोरदार बारिश होने की सम्भावना है। मौसम विज्ञान विभाग के निदेशक जे.पी. गुप्ता ने बताया कि अगले 48 घंटों के दौरान राज्य के कई इलाकों में बारिश होने और तेज हवाएं चलने की सम्भावना है। गुरुवार को राजधानी लखनऊ का न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री व अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने शुक्रवार को राजधानी लखनऊ का अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पटना सहित बिहार के अधिकांश क्षेत्रों में बूंदाबांदी तो हो रही, लेकिन लोग हल्की बारिश के बाद उमस भरी गर्मी से परेशान थे। मौसमविदों के मुताबिक राज्य के अधिकांश इलाकों में बादल तो छाए रहेंगे परंतु तेज बारिश की सम्भावना नहीं है।
पटना मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक शुक्रवार सुबह पटना का तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि गया का तापमान 26.8 डिग्री, पूर्णिया का 27.5 डिग्री और भागलपुर का 26.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पटना का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्यिस दर्ज किया गया।
इधर, राजधानी पटना में पिछले 24 घंटे के दौरान बारिश नहीं हुई है जबकि भागलुपर व गया में 4.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। पटना मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अगले 24 घंटे के दौरान बादल छाए रहेंगे लेकिन तेज बारिश की सम्भावना नहीं है।
मध्य प्रदेश में मानसून लगातार सक्रिय है जिसके चलते कई इलाकों में बारिश का दौर जारी है। राजधानी भोपाल में तीन दिनों से रुक-रुक कर बारिश हो रही है। बीते 24 घंटों में भोपाल में 14.5, इंदौर में 13़ 8, ग्वालियर में 23़ 7 और जबलपुर में 17.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि राज्य के अधिकांश हिस्सों में जोरदार बारिश हो सकती है। पूर्वी और दक्षिण-पश्चिम मध्य प्रदेश में भी जोरदार बारिश की चेतावनी दी गई है। भोपाल का अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। (एजेंसी)
First Published: Friday, July 27, 2012, 21:28