उत्तर भारत में भीषण ठंड से राहत नहीं - Zee News हिंदी

उत्तर भारत में भीषण ठंड से राहत नहीं

ज़ी न्यूज ब्यूरो
नई दिल्ली : कुछ दिनों से भारी बर्फबारी और बारिश के चलते पूरा उत्तर भारत बुधवार को भी कंपा देने वाली सर्दी की चपेट में रहा। पहाड़ों से आ रही सर्द हवाएं दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और पंजाब को भी ठिठुरा रही है। मौसम विभाग की मानें तो लोहड़ी के एकदम बाद 14 जनवरी से एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इसके प्रभाव से उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों में एक बार फिर से बर्फबारी हो सकती है।

 

अमृतसर में तो पारा शून्य से दो डिग्री नीचे तक गिर गया। गुलमर्ग में भी पारा -16.2 डिग्री तक गिर गया। शिमला का तापमान -2.1 डिग्री सेल्सियस रहा। दिल्ली में न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री रहा, जो सामान्य से तीन डिग्री कम है। नए साल में दिल्ली में ऐसा पहली बार हुआ है कि न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया है। उत्तर प्रदेश में नजीबाबाद सबसे ठंडा रहा जहां न्यूनतम तापमान 2 डिग्री दर्ज किया गया।

 

बर्फबारी के कारण पहाड़ी राज्यों में कई अहम मार्ग अब भी बंद हैं। कई जगह बिजली और पानी के साथ टेलीफोन सेवाएं भी बाधित चल रही हैं। मौसम विभाग ने अगले दो दिन तक ठंड के तेवर बरकरार रहने के उम्मीद जताई है। उत्तराखंड में कई स्थानों पर हिमपात जारी है।

First Published: Wednesday, January 11, 2012, 09:17

comments powered by Disqus