Last Updated: Sunday, June 23, 2013, 19:08
नई दिल्ली : उत्तर भारत में मानसून कमजोर पड़ने से बारिश तो थम गई है, मगर उमस बढ़ गई है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में रविवार सुबह धूप निकली और मौसम साफ रहा जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 29.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मध्य प्रदेश में मगर बादल छाए हुए हैं।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के एक अधिकारी ने अपने पूर्वानुमान में बताया, "सुबह में आसमान साफ रहेगा लेकिन दोपहर में आंशिक रूप से बादल छाएंगे।"
अधिकारी के मुताबिक, अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। दिल्ली में मानसून ने 15 दिन पहले पिछले रविवार को दस्तक दी थी लेकिन मानसून के कमजोर पड़ने की वजह से बादल भी छंट गए हैं।
उत्तर प्रदेश में राजधानी लखनऊ सहित अधिकांश हिस्सों में तेज धूप निकलने से वातावरण उमस भरा है।
बीते 24 घंटों के दौरान राज्य में कुछ-एक हिस्सों को छोड़कर कहीं भी बारिश नहीं हुई है। 15 जून को दस्तक देने के बाद मानसून के कमजोर पड़ने से राज्य में बारिश रुक गई है। मौसम विभाग के निदेशक जे.पी़ गुप्ता ने रविवार को कहा कि आने वाले 24 घंटों के दौरान पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में गरज के साथ छीटें पड़ने और हल्की बारिश की संभावना है, लेकिन बाकी हिस्सों में मौसम साफ रहेगा।
लखनऊ में रविवार को न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस, वाराणसी में 26 डिग्री सेल्सियस, इलाहाबाद में 26.4 डिग्री सेल्सियस और कानपुर में 25.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
उधर, मध्य प्रदेश के आसमान पर बादलों का डेरा है, तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और तेज हवाओं के बीच बारिश के आसार बने हुए हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक राज्य में बीते 24 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में रिमझिम बारिश हुई और यह सिलसिला आगे भी जारी रहने के आसार हैं। रविवार को राज्य के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए हुए हैं और सूर्य की लुकाछुपी का दौर जारी है। बादलों के छंटने पर धूप निकलने पर उमस भी सताने लगती है।
बीते 24 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में बारिश हुई है। राजधानी भोपाल में 1.4 मिली मीटर, इंदौर में 0.9 मिली मीटर बारिश दर्ज की गई है। भोपाल का अधिकतम तापमान 29.2 व न्यूनतम 24.5 डिग्री सेल्सियस, इंदौर का अधिकतम 29.4 व न्यूनतम 23.5 डिग्री सेल्सियस, ग्वालियर का अधिकतम 40.1 व न्यूनतम 30 डिग्री सेल्सियस और जबलपुर का अधिकतम 30.1 व न्यूनतम 23.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। (एजेंसी)
First Published: Sunday, June 23, 2013, 19:08