उत्तर भारत में शीतलहर का कहर जारी - Zee News हिंदी

उत्तर भारत में शीतलहर का कहर जारी

 

नई दिल्ली : उत्तर भारत में बुधवार को शीतलहर का कहर और बढ़ गया साथ ही घने कोहरे के कारण क्षेत्र के अधिकांश हिस्सों में जनजीवन बाधित रहा। राजधानी दिल्ली में आज सुबह धूप खिली लेकिन इसके बावजूद ठंड जारी रही।

 

शहर का न्यूनतम तापमान आठ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से एक डिग्री अधिक है जबकि अधिकतम तापमान 20.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो इस मौसम का सामान्य तापमान है। अल सुबह शहर कोहरे के आगोश में था। मौसम विभाग के अनुसार आज सुबह शहर में दृश्यता का स्तर 500 मीटर था।

 

दिल्लीवासी पिछले तीन दिनों से खुशगवार लेकिन सर्द सुबह का आनंद ले रहे हैं। कश्मीर घाटी में शीत लहर का कहर जारी रहा। घाटी में न्यूनतम तापमान हिमांक बिंदु से कई डिग्री नीचे बना रहा। मौसम विभाग ने बताया कि श्रीनगर का न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 3.1 डिग्री सेल्सिय दर्ज किया गया, कल यह शून्य से नीचे 2.5 डिग्री सेल्सियस था। दक्षिणी कश्मीर के रिसोर्ट पहलगाम में तापमान शून्य से नीचे 3.2 डिग्री जबकि उत्तरी कश्मीर के गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 7.2 डिग्री सेल्सियस रहा।

 

लद्दाख के सुदूरवर्ती लेह कस्बे में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि कारगिल के पास रात का तापमान शून्य से नीचे 13.4 डिग्री सेल्सियस रहा।

(एजेंसी)

First Published: Wednesday, January 4, 2012, 19:05

comments powered by Disqus