उत्‍तर भारत में लौट आई ठंड - Zee News हिंदी

उत्‍तर भारत में लौट आई ठंड



ज़ी न्यूज ब्यूरो

 

नई दिल्ली/लखनऊ :  उत्तर भारत में ठंडी हवाओं के कारण गुरुवार को ठंड लौट आई। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, हिमाचल प्रदेश और जम्मू एवं कश्मीर में रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई। दिल्ली में गुरुवार सुबह पारे में गिरावट दर्ज की गई। यहां न्यूनतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री कम चार डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

 

भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के एक अधिकारी ने बताया कि शाम को ठंडक रहने की सम्भावना है।जाती हुई ठंड ने एक बार फिर फरवरी के महीने में जोर पकड़ा है जिसकी वजह एक दिन पहले हुई बारिश मानी जा रही है। ठंड ने एक बार फिर राजधानी दिल्ली सहित एनसीआर इलाके को आगोश में ले लिया । फरवरी में गुरुवार की सुबह सबसे सर्द सुबह रिकॉर्ड की गई।

 

दिल्ली में गुरुवार सुबह पारे में गिरावट दर्ज की गई। यहां न्यूनतम तापमान सामान्य से 5 डिग्री कम चार डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग का अनुमान है कि दिन में मौसम साफ रहेगा और अच्छी धूप खिली रहेगी। मुंबई में भी न्यूनतम तापमान पिछले बारह वर्षो के न्यूनतम स्तर पर पहुंच गया। यहां पर गुरुवार सुबह न्यूनतम तापमान ग्यारह डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
गौरतलब है कि बुधवार को राजधानी का न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था जबकि अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 19.3 डिग्री सेल्सियस था।

 

कश्मीर घाटी में दिन का तापमान बढ़ने के कारण लोगों को ठंड से थोड़ी राहत मिली लेकिन रात में पारा शून्य के नीचे बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार श्रीनगर में बुधवार को अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक 11.2 डिग्री सेल्सियस था। लेकिन बुधवार रात को तापमान शून्य से 2.1 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। लेह में न्यूनतम तापमान शून्य से 16.4 डिग्री और कारगिल में शून्य से 16 डिग्री सेल्सियस नीचे था। मौसम विभाग के निदेशक सोनम लोटस ने कहा कि दिन में तापमान बढ़ने से लोगों को राहत मिली है। हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध पर्यटक स्थल शिमला एवं मनाली में गुरुवार को मौसम का न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया, जो क्रमश: शून्य से 3.8 डिग्री और 7.4 डिग्री सेल्सियस नीचे था। बुधवार से गुरुवार सुबह के बीच शिमला में 5.4 सेंटीमीटर एवं मनाली में चार सेंटीमीटर हिमपात दर्ज किया गया।

 

मौसम विभाग के अधिकारी ने बताया कि किन्नौर, लाहौल एवं स्पीति, शिमला और कुल्लू जिले में हल्के से मध्यम दर्जे का हिमपात हुआ। यहां न्यूनतम तापमान शून्य से 10.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। धर्मशाला में न्यूनतम तापमान 2.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि बुधवार को यह 4.1 डिग्री था। उत्तर प्रदेश में राजधानी लखनऊ सहित अधिकांश हिस्सों में कुछ दिन की राहत के बाद फिर से सर्द हवाओं और ठिठुरन का असर बढ़ गया है। गुरुवार को न्यूनतम तापमान दो डिग्री सेल्सियस के नीचे दर्ज किया गया।  लखनऊ सहित मध्य उत्तर प्रदेश के अधिकांश इलाकों में बुधवार को मौसम का मिजाज बदलने के बाद हुई बारिश से सर्दी का असर अचानक बढ़ गया। गुरुवार को न्यूनतम तापमान में छह डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई।

 

गुरुवार सुबह आगरा राज्य का सबसे सर्द स्थान रहा जहां सामान्य से छह डिग्री की गिरावट से साथ न्यूनतम तापमान 1.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं लखनऊ का न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से पांच डिग्री कम था। मौसम विभाग के अधिकारियों के मुताबिक अगले 24 घंटों के दौरान सर्द हवाओं का असर जस का तस बना रहेगा। दिन में धूप खिलेगी लेकिन लोगों को सर्द हवाओं और ठिठुरन से राहत नहीं मिलेगी।

 

राजधानी पटना सहित बिहार के करीब सभी क्षेत्रों में तापमान में उतार-चढ़ाव जारी है। दिन में जहां लोग हल्की गर्मी का एहसास कर रहे हैं वहीं सुबह-शाम ठंड महसूस कर रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार सुबह पटना का तापमान 13.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि बुधवार को अधिकतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। गुरुवार को सुबह गया का तापमान 13.1 डिग्री और पूर्णिया का 14.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

 

मौसमविदों के मुताबिक उत्तर प्रदेश और बिहार में चक्रवात बनने के कारण हल्के बादल छाए हुए हैं और बारिश की भी सम्भावना है। राजधानी में आठ किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा चल रही है जिस कारण लोगों को ठंड का एहसास हो रहा है। पंजाब और हरियाणा में रात के वक्त तापमान में गिरावट आने से गुरुवार को दोनों राज्यों और केंद्रशासित प्रदेश चण्डीगढ़ में शीत लहर से लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा।

First Published: Friday, February 10, 2012, 09:11

comments powered by Disqus