Last Updated: Tuesday, February 7, 2012, 02:59
नई दिल्ली : रक्षा मंत्री ए.के. एंटनी आज विशाखापतनम में समुद्री तट पर भारतीय नौसेना के साथ दो दिन बिताएंगे और नौसैनिक अभ्यास का जायजा लेंगे। सोमवार को उन्होंने यहां एक बैठक में सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की। राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार शिव शंकर मेनन, नौसेना प्रमुख एडमिरल निर्मल वर्मा, वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल एन.ए.के. ब्राउन, थलसेना प्रमुख जनरल वी. के. सिंह और रक्षा सचिव शशिकांत शर्मा बैठक में मौजूद थे।
रक्षा मंत्रालय की विज्ञप्ति के अनुसार, मंगलवार से शुरू हो रहे युद्ध स्तरीय कार्यप्रणाली तत्परता अभ्यास (थिएटर लेवल ऑपरेशनल प्रिपेयर्डनेस एक्सरसाइज) ट्रोपेक्स का जायजा लेने के लिए एंटनी एडमिरल वर्मा के साथ विशाखापतनम तट पर भारतीय नौसेना के साथ दो दिन व्यतीत करेंगे। ट्रोपेक्स भारतीय नौसेना के संयुक्त जहाजी बेड़ों द्वारा आयोजित किए जाने वाला वार्षिक अभ्यास कार्यक्रम है जिसमें किसी भी प्रकार की आकस्मिक स्थिति में भारतीय नौसेना की तत्परता का परीक्षण किया जाता है। इस अभ्यास में दोनों बेड़ों के लगभग 40 जहाज के साथ ही पनडुब्बियां, 13 नौसैनिक एयरक्राफ्ट और यूएवी हिस्सा ले रहे हैं।
भारतीय तट रक्षक बल और भारतीय वायु सेना के 18 एयरक्राफ्ट इकाइयां भी इसमें हिस्सा लेंगी। एंटनी मिसाइल परीक्षण, वायु सैन्य अभ्यास और पनडुब्बी रोधी अभ्यासों का भी जायजा लेंगे।
(एजेंसी)
First Published: Tuesday, February 7, 2012, 08:29