एलओसी तनाव: सैनिकों से बर्बरता पर पाक से कड़ा विरोध जताया

एलओसी तनाव: सैनिकों से बर्बरता पर पाक से कड़ा विरोध जताया

एलओसी तनाव: सैनिकों से बर्बरता पर पाक से कड़ा विरोध जतायाज़ी न्‍यूज ब्‍यूरो/एजेंसी

जम्‍मू : भारत-पाक बॉर्डर पर नियंत्रण रेखा (एलओसी) के निकट जारी तनाव के बीच दोनों देशों की सेना के बीच फ्लैग मीटिंग सोमवार दोपहर बाद हुई। भारतीय और पाकिस्तानी सेना के बीच फ्लैग मीटिंग सेना के ब्रिगेडियर स्तर के अधिकारियों के बीच हुई, जो करीब 15-20 मिनट तक चली। जानकारी के अनुसार, भारतीय अधिकारियों ने सैनिकों के साथ की गई बर्बरता का मुद्दा उठाया। वहीं, सीजफायर उल्‍लंघन पर भी पाक अधिकारियों से बात हुई। जानकारी के अनुसार, भारत ने पाक से सैनिकों का सिर काटे जाने पर कड़ा विरोध जताया है।

भारत की ओर से ब्रिगेडियर तेजपाल संधू ने इस मीटिंग की अगुवाई की। ब्रिगेडियर लेवल की यह मीटिंग पुंछ के चक्‍कन दा बाग में हुई।

गौर हो कि एलओसी पर तनाव कम करने के लिए हुई इस बैठक से पहले शनिवार रात भी पाकिस्तानी सेना ने जम्मू एवं कश्मीर में भारतीय सीमा चौकी पर गोलीबारी की। यह जानकारी एक अधिकारी ने दी। जम्मू एवं कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा पर स्थित चक्‍कन दा बाग पर ब्रिगेडियरों के नेतृत्व में हुई इस बैठक के बाद अब देखना यह होगा कि पाक का रुख बदलता है या नहीं।

गौर हो कि नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तानी सेना की अमानवीय कारनामे के बाद उत्पन्न तनाव को कम करने के लिए भारत ने ब्रिगेडियर स्तर की बातचीत का प्रस्ताव रखा था। पाकिस्तान ने घटना की जांच के लिए संयुक्त राष्ट्र से जांच की अपील की थी। रविवार को पाकिस्तान ने फ्लैग मीटिंग के लिए सहमति जताई।

इस बीच, पाकिस्तानी सेना ने नियंत्रण रेखा से लगती एक भारतीय सीमा चौकी पर फिर से गोलीबारी की। गोलीबारी की यह ताजा घटना पुंछ जिले की कृष्णा घाटी सेक्टर में हुई है। एक अधिकारी ने रविवार को बताया कि शनिवार रात 10 बजे शुरू हुई गोलीबारी एक घंटे तक जारी रही। भारतीय सेना ने भी पाकिस्तानी सेना को माकूल जवाब दिया। सेना ने कहा है कि पाकिस्तानी गोलीबारी नियंत्रण रेखा पर 2003 से लागू संघर्ष विराम का उल्लंघन है और पाकिस्तानी बंदूकों को खामोश करने के लिए भारतीय सेना ने प्रभावी उत्तर दिया। सूत्रों ने बताया कि पाकिस्तानी सेना ने मध्यम और भारी मशीनगन से गोलीबारी की। इससे भारतीय पक्ष को किसी तरह का कोई नुकसान नहीं पहुंचा।

ज्ञात हो कि 8 जनवरी को पाकिस्तानी सैनिकों ने नियंत्रण रेखा के भीतर घुस कर दो भारतीय जवानों की गोली मार कर हत्या कर दी और उनके सिर काट लिए। पाकिस्तानी सैनिक एक जवान का सिर भी ले गए। इस घटना को लेकर भारत भर में कोहराम मच गया और सभी वर्गों ने इसकी तीव्र भर्त्सना की। पाकिस्तान ने इन हत्याओं में अपने सैनिकों की संलिप्तता से इनकार किया है। उस घटना के बाद से नियंत्रण रेखा पर तनाव बना हुआ है और पाकिस्तान की ओर से अब तक सात बार संघर्ष विराम का उल्लंघन हुआ है।

First Published: Monday, January 14, 2013, 13:32

comments powered by Disqus