ओड़िशा में इटली के 2 पर्यटक अगवा - Zee News हिंदी

ओड़िशा में इटली के 2 पर्यटक अगवा



 

 

 

 

 

 

ज़ी न्यूज ब्यूरो/एजेंसी

 

भुवनेश्वर:  माओवादियों ने ओड़िशा के आदिवासी बहुल कंधमाल-गंजाम सीमाक्षेत्र से इटली के दो पर्यटकों को अगवा कर लिया। यह जानकारी रविवार को पुलिस ने दी।

 

पुलिस महानिदेशक मनमोहन प्रहराज के मुताबिक ‘माओवादियों द्वारा कंधमाल जिले में दो लोगों के अपहरण की खबर है। विस्तृत जानकारी का इंतजार है।’ गृहसचिव यूएन बहरा ने रविवार को पुष्टि करते हुए कहा कि कल रात अपहरण की यह घटना घटी।

 

समझा जाता है कि कंधमाल और गंजाम जिलों के सीमावर्ती क्षेत्र में घटना हुई और हालात पर करीब से नजर रखी जा रही है हालांकि तत्काल कोई विस्तृत जानकारी नहीं मिली है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि पुरी से दो अन्य लोगों के साथ 12 मार्च को इलाके के दौरे पर आये विदेशी पर्यटकों की पहचान बोसुस्को पाओलो तथा क्लाडियो कोलांगेलो के तौर पर हुई है और इनमें से एक करीब दस साल से पुरी में रह रहा था।

 

सूत्रों ने कहा कि माओवादियों ने शनिवार आधी रात के करीब कुछ निजी समाचार चैनलों के माध्यम से विदेशी पर्यटकों के अपहरण का दावा किया। टीवी चैनलों को भेजे संदेश में माओवादियों ने दावा किया कि राज्य सरकार के प्रतिबंध के बावजूद अंदरूनी इलाकों में कथित तौर पर आदिवासियों की आपत्तिजनक तस्वीरें लेते हुए विदेशियों को बंधक बनाया गया। माओवादियों ने खबरों के मुताबिक बंधकों की रिहाई के लिए 13 सूत्री मांगपत्र पेश किया है।

 

सूत्रों ने कहा कि इनमें नक्सल रोधी अभियानों को रोकना, माओवादियों के नाम पर जेलों में बंद आदिवासी लोगों के खिलाफ मामले वापस लेना और पिछले साल फरवरी में मल्कानगिरी जिले के तत्कालीन कलेक्टर की रिहाई के लिए हुए समझौते को लागू करना शामिल हैं।

 

माओवादियों ने पिछले साल फरवरी में मल्कानगिरी के एक सुदूर इलाके से तत्कालीन कलेक्टर आरवी कृष्ण के साथ एक जूनियर इंजीनियर को अगवा कर लिया था। दोनों को सरकार के साथ तीन मध्यस्थों की मदद से हुई सहमति के बाद रिहा किया गया।

First Published: Monday, March 19, 2012, 10:22

comments powered by Disqus