ओडिशा के पुरी में कड़ी सुरक्षा के बीच रथयात्रा शुरू

ओडिशा के पुरी में कड़ी सुरक्षा के बीच रथयात्रा शुरू

ओडिशा के पुरी में कड़ी सुरक्षा के बीच रथयात्रा शुरू  पुरी (ओडिशा): ओडिशा के पुरी में हर साल निकाली जाने वाली भगवान जगन्नाथ और उनके भाई बलभद्र व बहन सुभद्रा की भव्य रथयात्रा बुधवार को कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हुई। जगन्नाथ मंदिर प्रशासन के जनसंपर्क अधिकारी लक्ष्मीधर पूजापंडा ने बताया कि सुबह 9.45 बजे रथयात्रा शुरू की गई। पहंडी के नाम से मशहूर यात्रा समारोह में देवताओं की प्रतिमा को मंदिर से निकालकर रथ में घुमाया जाता है।

उन्होंने कहा कि दिन के 11.30 बजे तक 8,00,000 श्रद्धालु रथयात्रा में भाग लेने के लिए पुरी पहुंच चुके थे। ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर से 55 किमी दूर स्थित तटीय शहर में शाम तक दस लाख से भी ज्यादा श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा की प्रतिमाओं को हर साल लकड़ी के रथ में रखकर श्रद्धालुओं द्वारा 12वीं सदी में निर्मित प्रसिद्ध जगन्नाथ मंदिर से तीन किमी दूर गुंडिचा मंदिर में ले जाया जाता है।

इसके नौ दिन बाद देवताओं को वापस रथ में जगन्नाथ मंदिर लाया जाता है, जिसे बहुदा जात्रा के नाम से जाना जाता है। इसी के साथ वार्षिक पर्व का समापन होता है। बहुदा जात्रा आगामी 19 जुलाई को संपन्न होगी।

राज्य सरकार ने रथयात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के पुख्ता इंतजाम किए हैं। किसी भी प्रकार की अवांछित घटना से निपटने के लिए शहर में 7,000 पुलिसकर्मियों को जगह-जगह तैनात किया गया है। इसके अलावा क्लोज सर्किट कैमरे लगाए गए हैं और बम निरोधी दस्ते और अग्निशमन विभाग को भी सतर्क रहने को कहा गया है। (एजेंसी)

First Published: Wednesday, July 10, 2013, 13:35

comments powered by Disqus