Last Updated: Friday, June 22, 2012, 14:17
ज़ी न्यूज ब्यूरोनई दिल्ली : बढ़ती महंगाई और पेट्रोल की कीमतों में बढ़ोतरी के विरोध में भारतीय जनता पार्टी ने देशभर में शुक्रवार को जेल भरो आंदोलन छेड़ा है। देश के विभिन्न इलाकों में भाजपा कार्यकर्ता महंगाई के विरोध में अपनी गिरफ्तारियां दे रहे हैं। मुंबई में मंत्रालय की आगजनी को लेकर आंदोलन वापस ले लिया गया है।
एकदिवसीय जेल भरो आंदोलन के दौरान नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर भाजपा नेता अरुण जेटली ने यूपीए सरकार पर हमले तेज करते हुए कहा कि यह सरकार घोटाले की सरकार बन गई है। इसके साथ न तो जनता है न ही नेतृत्व। पेट्रो पदार्थों की कीमतों में लगातार बढ़ोत्तरी पर जेटली ने कहा कि ये कैसी विडंबना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत घट रही है और केंद्र सरकार पेट्रोल की दाम बढ़ाने में लगी हुई है।
उधर, राजस्थान में पार्टी कार्यकर्ता शुक्रवार को सिविल लाइन फाटक पर धारा 144 तोड़कर गिरफ्तारी देने पहुंचे। नेता प्रतिपक्ष वसुंधरा राजे झालावाड़ में मंगलपुरा चौराहे पर गिरफ्तारी देंगी। पार्टी ने प्रदेश से एक लाख और राजधानी से 10 हजार लोगों के गिरफ्तारी का लक्ष्य रखा है। देश के अन्य हिस्सों से भी जेल भरो आंदोलन के तहत भाजपा कार्यकर्ताओं के आंदोलित होने की खबर मिल रही है।
First Published: Friday, June 22, 2012, 14:17