कर्नाटक संकट: बीजेपी के शीर्ष नेताओं से मिलेंगे गौड़ा

कर्नाटक संकट: बीजेपी के शीर्ष नेताओं से मिलेंगे गौड़ा

कर्नाटक संकट: बीजेपी के शीर्ष नेताओं से मिलेंगे गौड़ा ज़ी न्यूज ब्यूरो/एजेंसी

नई दिल्ली/बेंगलुरु : कनार्टक भाजपा में दिनोंदिन गहराते संकट और नए घटनाक्रमों के बीच के बीच मुख्यमंत्री सदानंद गौड़ा सोमवार को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली आ रहे हैं। गौड़ा आज जहां राष्ट्रपति चुनाव पर राजग के कार्यकारी अध्यक्ष लालकृष्ण आडवाणी के साथ भाजपा-राजग के मुख्यमंत्रियों की बैठक में हिस्सा लेंगे। वहीं, गौड़ा भाजपा अध्यक्ष नितिन गडकरी के बेटे के विवाह के उपलक्ष्य में बहुभोज में भी हिस्सा लेंगे। सू़त्रों के अनुसार, इस दौरान सदानंद गौड़ा, गडकरी, कर्नाटक मामलों के प्रभारी धर्मेद्र प्रधान और अन्य वरिष्ठ नेताओं के बीच कर्नाटक संकट पर बैठक होगी। बहरहाल, पार्टी नेताओं ने दावा किया कि पार्टी की कर्नाटक इकाई में कोई संकट नहीं हैं।

उधर, भाजपा के शीर्ष नेतृत्व को कर्नाटक में वर्तमान संकट का राष्ट्रपति चुनाव तक हल निकल आने का विश्वास है, और ऐसा लगता है कि पार्टी इसके बाद सदानंद गौड़ा के स्थान पर जगदीश शेट्टर को बदलने का मन बना रही है। भाजपा सूत्रों ने बताया कि पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा और उनके समर्थकों को मना लेगा जिन्होंने सदानंद गौड़ा को मुख्यमंत्री पद से हटाने के लिए पांच जुलाई की समयसीमा निर्धारित की है।

भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने येदियुरप्पा को बता दिया है कि भ्रष्टाचार का मामला होने के कारण उन्हें फिर से मुख्यमंत्री पद पर बहाल नहीं किया जा सकता है। इसके बाद येदियुरप्पा ने लिंगायत समुदाय के नेता एवं मंत्री जगदीश शेट्टर को मुख्यमंत्री बनाए जाने की मांग शुरू कर दी है। कभी येदियुरप्पा के वफादार रहे गौड़ा मुख्यमंत्री बनने के बाद उनका विश्वास खो चुके हैं।
भाजपा के वरिष्ठ नेता राजनाथ सिंह ने संवाददाताओं से कहा कि कर्नाटक में कोई संकट नहीं है। जो भी समस्या सामने आई है, उसका समाधान निकाल लिया जाएगा। भाजपा नेता गौड़ा और येदियुरप्पा दोनों धड़ों से सम्पर्क बनाये हुए हैं और उनसे 19 जुलाई को राष्ट्रपति चुनाव होने तक शांति बनाये रखने के लिए मनाने में जुटे हैं।

पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि राज्य भाजपा में विद्रोह की स्थिति और येदियुरप्पा खेमे को प्राप्त समर्थन को देखते हुए इस विषय पर विकल्प काफी कम बचे है और शेट्टर को मुख्यमंत्री बनाने पर सहमत होना पड़ सकता है। अगर हमें अगले विधानसभा चुनाव में बेहतर प्रदर्शन करना है, तो हमें उनकी मांगों को मानना पड़ेगा।

सूत्रों ने बताया कि इस विषय पर येदियुरप्पा का धर्य अब जवाब दे रहा है जो पिछले कई महीनों से इंतजार कर रहे हैं। हालांकि ऐसे संकेत हैं कि वह पार्टी लाइन का उल्लंघन नहीं करेंगे।

First Published: Monday, July 2, 2012, 09:56

comments powered by Disqus