Last Updated: Thursday, February 28, 2013, 22:12
नई दिल्ली : कश्मीर घाटी और हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में ताजा हिमपात होने से तापमान घट गया और जम्मू कश्मीर में प्रशासन ने ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमस्खलन की चेतावनी जारी की है।
दिल्ली में आज मौसम सुहावना रहा और धूप खिली रही। अधिकतम तापमान 26.1 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि न्यूनतम तापमान 12.8 डिग्री रहा। दोनों सामान्य से एक डिग्री अधिक रहे।
कश्मीर घाटी के कई हिस्सों से ताजा हिमपात की खबर है जिसके बाद संभागीय आयुक्त ने हिमस्खलन की चेतावनी जारी की है।
नौगांव, चौकीबाल, बुदनांबल तथा उत्तरी कश्मीर में नियंत्रण रेखा के आसपास रहने वाले लोगों को हिमस्खलन संभावित ढलानों की ओर नहीं जाने की चेतावनी दी गयी है। उन्हें अपने मकानों की छतों से बर्फ हटाने की भी सलाह दी गयी ताकि मकान बर्फ के भार से टूट न जाएं।
ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर समेत घाटी में हिमपात की वजह से दिन के तापमान में गिरावट की खबर है।
हिमाचल प्रदेश में भयंकर ठंड पड़ रही है। शीत लहर चलने से न्यूनतम तापमान काफी नीचे गिर गए।
राज्य में ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मध्यम दर्ज का हिमपात हुआ। लाहौल एवं स्पीति जिले के किलोंग में 15 सेंटीमीटर हिमपात हुआ।
इस क्षेत्र में पिछले 24 घंटों में व्यापक बौछारें हुईं। पर्यटनस्थल मनाली, खेरे और तिस्सा में क्रमश: 37 मिलीमीटर, 27 मिलीमीटर और 23 मिलीमीटर बारिश हुई।
पंजाब और हरियाणा में भी न्यूनतम तापमान में गिरावट आयी। राज्य में कुछ स्थानों पर पारा सामान्य से दो डिग्री नीचे रहा जिससे ठंड फिर लौट आयी है। इस क्षेत्र के कुछ हिस्सों में छिटपुट बारिश हुई। चंडीगढ़ में 2.1 मिलीमीटर बारिश हुई। (एजेंसी)
First Published: Thursday, February 28, 2013, 22:06