Last Updated: Saturday, August 25, 2012, 13:51
जी न्यूज ब्यूरोनई दिल्ली। एयर होस्टेस गीतिका शर्मा आत्महत्या मामले की जांच में जुटी दिल्ली पुलिस को आए दिन चौकाने वाले तथ्य मिल रहे हैं। मामले में गिरफ्तार हरियाणा के पूर्व मंत्री गोपाल कांडा और उसकी कम्पनियों के बारे में सनसनीखेज बातें सामने आई हैं। कांडा की एअरलाइंस कंपनी एमडीएलआर में महिलाओं को पुरुषों की तुलना में अधिक महत्व दिया जाता था और उन्हें ऊंचे पदों पर रखा जाता था।
सूत्रों की मानें तो एमडीएलआर के तीन विमानों के लिए 60 से ज्यादा एयर होस्टेस को रखा गया था और 250 की संख्या वाली कम्पनी में महिलाओं की तादाद 150 के करीब थी।
यही नहीं, एमडीएलआर के बंद होने पर कांडा ने महिला कर्मचारियों को अपनी अऩ्य कम्पनियों में नौकरी पर रखा।
जांच में यह बात भी सामने आई है कि उड़ान के लिए यात्रियों की संख्या कम होने पर कांडा की विमान कम्पनी यात्रियों को सड़क मार्ग के जरिए उनके गंतव्य तक पहुंचाती थी। कंपनी यात्रियों से वसूलती तो हवाई किराया थी लेकिन ज्यादातर उन्हें सड़क के रास्ते ही भेजा करती। कंपनी के दो विमान खराब ही रहते थे।
इसके अलावा कांडा लड़कियों के लिए अलग से एक कम्पनी खोलने में भी गुरेज नहीं करता था।
ब्यूरो ऑफ सिविल एविएशन सीक्योरिटी सूत्रों के अनुसार सभी एअरलाइन्स महिला कर्मचारियों को भर्ती करना पसंद करती हैं लेकिन एमडीएलआर में यह संख्या सबसे अधिक थी।
First Published: Saturday, August 25, 2012, 13:45