केंद्रीय मंत्री वीरभद्र सिंह ने मंत्रिमंडल से दिया इस्तीफा

केंद्रीय मंत्री वीरभद्र सिंह ने मंत्रिमंडल से दिया इस्तीफा

केंद्रीय मंत्री वीरभद्र सिंह ने मंत्रिमंडल से दिया इस्तीफानई दिल्ली : केंद्रीय मंत्री वीरभद्र सिंह ने हिमाचल प्रदेश की अदालत द्वारा उनके खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोप तय किए जाने के बाद मंगलवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने वीरभद्र सिंह का इस्तीफा स्वीकार करके इसे राष्ट्रपति के पास भेजा।

उनके करीबी सूत्रों ने बताया कि हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री सिंह ने 23 साल पुराने एक मामले में षड्यंत्र और भ्रष्टाचार के आरोप तय होने के बाद नैतिक आधार पर इस्तीफा दे दिया। लघु, सूक्ष्म एवं मध्यम उद्यम मामलों के मंत्री ने अपना इस्तीफा प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को सौंप दिया।

उन्होंने कल शाम कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात की थी और सीडी मामले में अपने खिलाफ सबूत को ‘कुचक्र’ करार देकर खारिज किया।

सिंह ने कहा कि सबूत एक कुचक्र है। सीडी प्रमाणिक नहीं है। उन्होंने मेरी आवाज का मिलान नहीं किया। कल यह पूछे जाने पर कि क्या वह इस्तीफा देंगे, उन्होंने कहा था कि मैं अपने पद की बिल्कुल भी परवाह नहीं करता। मैं अपनी पार्टी और प्रधानमंत्री को शर्मिंदगी नहीं उठाने देना चाहता। जब भी मौका आएगा, निश्चित तौर पर मैं उचित कार्रवाई करूंगा।

इस्तीफे के बारे में पूछे जाने पर अखिल भारतीय कांग्रेस समिति के महासचिव एवं हिमाचल मामलों के प्रभारी वीरेंद्र सिंह ने कहा कि पार्टी ने उनसे इस्तीफा देने को नहीं कहा था और यदि कुछ हुआ है तो यह खुद मंत्री तरफ से ही हुआ होगा। पांच बार मुख्यमंत्री रह चुके सिंह का इस्तीफा हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनावों से कुछ महीने पहले आया है। राज्य में इस समय भारतीय जनता पार्टी की सरकार है। (एजेंसी)

First Published: Tuesday, June 26, 2012, 15:10

comments powered by Disqus