Last Updated: Saturday, October 27, 2012, 14:56
ज़ी न्यूज़ ब्यूरोनई दिल्ली : नितिन गडकरी के भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद से इस्तीफे की तमाम अटकलों को खारिज करते हुए शुक्रवार देर रात भाजपा प्रवक्ता प्रकाश जावड़ेकर ने कहा कि पूरी पार्टी नितिन गडकरी के साथ है और इस्तीफे का कोई सवाल नहीं उठता है। उनपर किसी तरह के आरोप सिद्ध नहीं हुए हैं। जांच चल रही है। परिणाम आने के बाद ही इस मामले में कोई अंतिम निर्णय लिया जाएगा। पार्टी प्रवक्ता ने कहा कि गडकरी शनिवार को पूर्व निर्धारित हिमाचल प्रदेश के दौरे पर जा रहे हैं जहां वह एक चुनावी रैली को संबोधित करेंगे। जावड़ेकर ने कहा कि पूरी पार्टी गडकरी के साथ खड़ी है। वे अध्यक्ष पद पर बने रहेंगे।
मालूम हो कि शुक्रवार देर शाम भाजपा अध्यक्ष नितिन गडकरी ने पार्टी के आला नेताओं के साथ बैठक में अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने की पेशकश की थी। जानकारी के अनुसार, नितिन गडकरी शुक्रवार शाम अचानक दिल्ली पहुंचे और लाल कृष्ण आडवाणी के घर जाकर उनसे मुलाकात की। इसके बाद गडकरी के घर भाजपा के वरिष्ठ नेताओं की बैठक शुरू हुई जिसमें संसद के दोनों सदनों में नेता प्रतिपक्ष सुषमा स्वराज और अरुण जेटली के अलावा दिल्ली में मौजूद तमाम बड़े नेताओं की मौजूदगी में गडकरी के इस्तीफे की पेशकश की लेकिन पार्टी नेताओं ने एकजुटता दिखाते हुए गडकरी के अध्यक्ष पद पर बने रहने को लेकर सहमति जताई। बैठक खत्म होने के बाद पार्टी प्रवक्ता प्रकाश जावड़ेकर ने कहा कि पूरी पार्टी नितिन गडकरी के साथ खड़ी है। नितिन गडकरी खुद पूरे मामले की जांच के लिए तैयार हैं।
इससे पहले शुक्रवार शाम संघ के सरकार्यवाह भय्याजी जोशी ने यहां तक कह दिया कि हमें इन विवादों में संघ का नाम घसीटे जाने के प्रयासों से काफी अफसोस है। जोशी ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति या संगठन किसी अवैध गतिविधियों में लिप्त पाया जाता है तो उसके खिलाफ निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और जो दोषी पाए जाएं, अवश्य दंडित हों। संघ का कहना कि उसे नितिन गडकरी को लेकर चल रहे विवाद से कोई लेना देना नहीं है। हालांकि जोशी के बयान से साफ है कि इस मामले में जनता का विश्वास बनाए रखना जरूरी है वरना संघ और पार्टी का भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान कुंद हो जाएगा। मालूम हो कि नितिन गडकरी का अध्यक्ष पद का कार्यकाल आगामी 17 दिसंबर को खत्म होने जा रहा है। गडकरी को दोबारा अध्यक्ष पद पर बनाए रखने के लिए भाजपा अपने संविधान में संशोधन भी कर चुकी है।
First Published: Friday, October 26, 2012, 23:58