Last Updated: Thursday, November 29, 2012, 15:48
नई दिल्ली : सरकार ने चीन को पाक अधिकृत कश्मीर में उसकी गतिविधियों को लेकर अपनी चिंता से अवगत कराया है और साम्यवादी देश से यह गतिविधियां बंद करने को कहा है। विदेश राज्य मंत्री ई अहमद ने आज राज्यसभा को बताया कि सरकार को चीन द्वारा पाक अधिकृत कश्मीर में ढांचागत परियोजनाएं तैयार किए जाने की खबर है और चीन के समक्ष यह मुद्दा उठाया भी गया है।
उन्होंने बताया, ‘चीन को भारत के इस रूख के बारे में साफ तौर पर बता दिया गया है कि पाकिस्तान ने 1947 से भारत के जम्मू कश्मीर राज्य के कुछ भागों पर अनधिकृत कब्जा किया हुआ है।’ अहमद ने राम जेठमलानी के प्रश्न के लिखित उत्तर में बताया कि चीन कश्मीर को एक द्विपक्षीय मामला मानता है जिसका समाधान भारत और पाकिस्तान के बीच किया जाना है।
उन्होंने कहा कि चीन को पाक अधिकृत कश्मीर में उसकी गतिविधियों को लेकर भारत की चिंता से अवगत करा दिया गया है और साम्यवादी देश से उसकी गतिविधियां बंद करने को भी कहा गया है। (एजेंसी)
First Published: Thursday, November 29, 2012, 15:48