Last Updated: Monday, July 2, 2012, 00:14
नई दिल्ली : चीनी हैकर्स ने भारतीय नौसेना के कंप्यूटर को हैक कर कई महत्वपूर्ण जानकारियां चुरा ली हैं। ये कंप्यूटर विशाखापट्टनम में मौजूद पूर्वी नौसेना कमांड के मुख्यालय के हैं। चीनी हैकर्स ने कंप्यूटर में बग प्लांट कर दिया है,जिससे चीनी आईपी पते पर गोपनीय जानकारी पहुंचने लगीं। नौसेना के अधिकारियों ने बताया कि करीब 7 महीने पहले पूर्वी कमान के कुछ अधिकारियों के खिलाफ बोर्ड ऑफ इंक्वायरी का आदेश दिया गया था।
जांच में पता चला था कि कुछ कंप्यूटर में सेंध लगाई गई है और इनमें हैकर्स की घुसपैठ हुई है। अधिकारियों का कहना है कि बोर्ड ऑफ इंक्वायरी ने जांच पूरी कर ली है और अपनी रिपोर्ट नौसेना मुख्यालय को भेज दी है। अब बोर्ड ऑफ इंक्वायरी की सिफारिशों के आधार पर नौसेना मुख्यालय इन अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई का फैसला करेगा।
गौरतलब है कि पूर्वी नौसेना कमांड में दक्षिण चीन सागर में भारतीय ऑपरेशन से संबंधित योजनाओं पर काम होता है। यही नहीं भारत का पहला परमाणु सब मरीन मिसाइल आईएनएस अरिहंत का पूर्वी नौसेना कमांड में अभ्यास भी चल रहा है।
उधरए नौसेना के एक प्रवक्ता ने कहा कि इस मामले का आईएनएस अरिहंत के साथ कोई लेना-देना नहीं है क्योंकि यह पूरी तरह अलग प्रोजेक्ट है और इसका पूर्वी नौसेना की कमान से संबंध है। इस साल यह दूसरा मौका है, जब नौसेना की आईटी नेटवर्क में सेंध लगने का मामला सामने आया है। इससे पहले गोपनीय जानकारी सोशल नेटवकिंग साइट्स पर लीक करने के मामले में 4 अधिकारियों के खिलाफ मुकदमा चलाया गया था। (एजेंसी)
First Published: Monday, July 2, 2012, 00:14