चुनाव नतीजे कांग्रेस के खिलाफ: गडकरी - Zee News हिंदी

चुनाव नतीजे कांग्रेस के खिलाफ: गडकरी

नई दिल्ली : भाजपा अध्यक्ष नितिन गडकरी ने पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव के नतीजों को कांग्रेस के खिलाफ बताते हुए अपनी पार्टी के प्रदर्शन पर संतोष जताया है। गडकरी ने पंजाब में अकाली दल-भाजपा गठबंधन की सत्ता में वापसी को ऐतिहासिक करार दिया वहीं गोवा और उत्तराखंड में सरकार को लेकर विश्वास जताया। उत्तर प्रदेश के नतीजों को उन्होंने उम्मीद के विपरीत जरूर बताया लेकिन साथ ही कहा कि वहां समाजवादी पार्टी (सपा) को प्रमुख विपक्षी दल होने का फायदा मिला।

 

गडकरी ने यहां संवाददाताओं से कहा, 'पंजाब में सत्ता विरोधी लहरों को पीछे छोड़ते हुए हमारे गठबंधन ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। गोवा में हम सरकार बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। हमें वहां शनदार सफलता मिली है। हमारे ऊपर अक्सर यह लांछन लगाया जाता है कि हम अल्पसंख्यकों के खिलाफ हैं लेकिन गोवा में बड़ी संख्या में अल्पसंख्यकों ने हमारे पक्ष में मतदान किया। गोवा को हमने कांग्रेस से छीना है।'

 

उन्होंने कहा, 'हम उत्तराखंड में भी सरकार बनाएंगे। हम वहां 32-33 सीट जीतेंगे। उत्तराखंड क्रांति दल और निर्दलीय विधायकों की सहायता से हम वहां सरकार बनाने में सफल रहेंगे। तीन राज्यों में हमें अच्छी सफलता मिली है। जबकि मणिपुर में इस बार हमारा खाता खुलना तय है।' उत्तर प्रदेश के नतीजों पर गडकरी ने कहा, 'उत्तर प्रदेश में दो दलों के बीच वोटों का ध्रुवीकरण हो गया। बसपा के खिलाफ माहौल था, जिसका फायदा उठाने में सपा सफल रही। जब दो पार्टियों के बीच वोटों का ध्रुवीकरण होता है तो नतीजे ऐसे ही आते हैं। यहां उम्मीद के मुताबिक नतीजे नहीं मिले।'

 

उत्तर प्रदेश के नतीजों के लिए गडकरी ने किसी को भी जिम्मेदार ठहराने से साफ इंकार किया। लगे हाथ उन्होंने कांग्रेस पर भी निशाना साधा और कहा, 'अमेठी, रायबरेली में कांग्रेस की जो हालत हुई है। राहुल गांधी के तमाम प्रयासों के बावजूद कांग्रेस का प्रदर्शन सिफर रहा है। मैं कांग्रेस नेतृत्व पर कोई टिप्पणी नहीं करूंगा। चुनाव के नतीजे कांग्रेस के लिए करारा झटका है। जबकि ये नतीजे भाजपा को ताकत देंगे। रही बात उत्तर प्रदेश में कमियों की, तो हम उसका विश्लेषण करेंगे।' (एजेंसी)

First Published: Tuesday, March 6, 2012, 16:14

comments powered by Disqus