जनरल बिक्रम सिंह ने संभाली सेनाप्रमुख की कमान

जनरल बिक्रम सिंह ने संभाली सेनाप्रमुख की कमान

जनरल बिक्रम सिंह ने संभाली सेनाप्रमुख की कमान ज़ी न्यूज ब्यूरो/एजेंसी

नई दिल्ली : जनरल बिक्रम सिंह देश के नए सेना प्रमुख बन गए हैं। उन्होंने गुरुवार को 27वें सेना प्रमुख के रूप में कार्यभार संभाला। उन्होंने जनरल वीके सिंह का स्थान लिया है, जो 26 महीने के अपने कार्यकाल के बाद गुरुवार को सेवानिवृत्त हो गए। जनरल बिक्रम सिंह दूसरे सिख सेना प्रमुख हैं। यहां तक पहुंचने से पहले उनके रास्ते में कई रुकावटें आईं। उनके खिलाफ सर्वोच्च न्यायालय में एक याचिका भी दायर की गई, जिसमें इस पद पर उनकी नियुक्ति रोकने का अनुरोध किया गया था। अब तक वह कोलकाता में पूर्वी सैन्य कमांडर थे। उनका कार्यकाल 27 महीने का होगा।

जनरल सिंह (59) वर्ष 1972 में सिख लाइट इंफेंट्री में शामिल हुए थे। वह पहले सेना प्रमुख हैं, जो किसी युद्ध में शामिल नहीं हुए। देश ने आखिरी युद्ध 1971 में पाकिस्तान के साथ लड़ा था। आज जनरल वीके सिंह ने लेफ्टिनेंट जनरल को बेटन सौंपी।

सेना के 27 वें मुखिया के तौर पर पद संभालने वाले बिक्रम सिंह पूर्वी कमान से संबंध रखते हैं। गुरुवार दोपहर रक्षा मंत्रालय में सेनाध्यक्ष के कमरे में जनरल वीके सिंह अपने उत्ताराधिकारी को सेना की कमान सौंपी। नए सेनाध्यक्ष बिक्रम सिंह भी ऐसे वक्त पद संभाल रहें हैं जब उनकी नियुक्ति के खिलाफ अदालत में सवाल उठाए जा रहे हैं। बिक्रम सिंह की नियुक्ति को चुनौती देने वाली जनहित याचिका सुप्रीम कोर्ट ने पिछले महीने खारिज कर दी थी। लेकिन उस फैसले के खिलाफ नई पुनर्विचार याचिका दाखिल कर दी गई है और सुप्रीम कोर्ट को अभी उस पर विचार करना है। पुनर्विचार याचिका पूर्व नौसेनाध्यक्ष एल रामदास और पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त एन. गोपालस्वामी ने दाखिल की है। इससे पहले फर्जी मुठभेड़ के एक मामले में जम्मू-कश्मीर हाई कोर्ट ने भी बिक्रम सिंह को बरी कर दिया था।

बिक्रम सिंह पूर्वी कमान से सेनाध्यक्ष पद पर पहुंचने वाले पांचवें अधिकारी हैं। वीके सिंह भी पूर्वी कमान के ही कमांडर थे। बीते दिनों सरकारी पत्रिका सैनिक समाचार को दिए साक्षात्कार में बिक्रम सिंह ने कहा कि फौज को किसी भी चुनौती के लिए तैयार करना उनकी प्राथमिकता है। बिक्रम सिंह अगस्त, 2014 तक सेनाध्यक्ष रहेंगे।

First Published: Thursday, May 31, 2012, 13:17

comments powered by Disqus