Last Updated: Friday, November 9, 2012, 20:22

रायबरेली : अपनी मां एवं कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के संसदीय क्षेत्र के दो दिवसीय दौरे पर रायबरेली पहुंचीं प्रियंका गांधी ने शुक्रवार को पार्टी कार्यकर्ताओं के गिले-शिकवे सुने और उन्हें जनता के मुद्दों के लिए संघर्ष करने की नसीहत दी। रायबरेली के भुएमऊ अतिथि गृह में प्रियंका ने अपने दौरे के आखिरी दिन ब्लॉक स्तर के कार्यकर्ताओं को अलग-अलग बैठकें कर आगामी लोकसभा चुनाव से पहले संगठन की कमजोरियों को दुरुस्त करने पर चर्चा की।
प्रियंका ने पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा कि वे आपसी गुटबाजी और गिले-शिकवे छोड़कर जनहित के मुद्दों को उठाएं। जनता को केंद्र की योजनाओं के बारे में जागरूक करें। बैठक के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने प्रियंका से शिकायत की कि बड़े नेता उनकी समस्याएं नहीं सुनते हैं और उपेक्षा करते हैं। जब वे मुश्किल में हों तो आखिर किससे अपनी बात कहने जाएं? इस पर प्रियंका ने कहा कि वह ब्लॉक स्तर पर अपने प्रतिनिधि रखेंगी जो गांव-गांव जाकर पार्टी कार्यकर्ताओं की समस्याओं को सुनकर उन्हें सीधे जानकारी देगा।
कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक, आने वाले लोकसभा चुनाव से पहले प्रियंका रायबरेली और अमेठी में बूथ, गांव और ब्लॉक स्तर पर संगठन को नए सिरे से खड़ा करेंगी। (एजेंसी)
First Published: Friday, November 9, 2012, 20:22