जुंदाल की पुलिस हिरासत बढ़ी

जुंदाल की पुलिस हिरासत बढ़ी


मुंबई : एक विशेष अदालत ने शुक्रवार को यहां 2006 के औरंगाबाद हथियार बरामदगी मामले में लश्कर- ए-तोएबा के सदस्य और मुंबई हमले के साजिशकर्ता सैयद जबीउददीन अंसारी उर्फ अबु जुंदाल की पुलिस हिरासत तीन सितंबर तक बढा दी।

आतंकवाद निरोधक दल (एटीएस) ने मकोका अदालत से कहा कि जुंदाल इस मामले में मुख्य आरोपी है और वे फरार अन्य आरेापियों को ढूंढ रहे हैं। उधर, अदालत ने आज जुंदाल की उसके माता पिता से बात करने के अनुरोध को खारिज कर दिया। इससे पहले उसे माता पिता से फोन पर बात करने की अनुमति दी गई थी।

एटीएस ने अदालत से कहा कि वे सुरक्षा कारणों से जुंदाल को उसके माता पिता से बात नहीं करने दे सकते। इसके बाद अदालत ने उसका अनुरोध खारिज कर दिया। विशेष मकोका अदालत के न्यायाधीश एसएम मोदक ने कहा कि इस बार आप अपने माता पिता से बात नहीं कर सकते, अगली बार हम देखते हैं। दिल्ली की अदालत द्वारा जुंदाल की हिरासत एटीएस को सौंपने के बाद उसे 21 जुलाई को मुंबई लाया गया था। एटीएस ने हालांकि मुंबई अपराध शाखा को मुंबई हमले के मामले में उसकी हिरासत सौंपी। (एजेंसी)

First Published: Saturday, August 25, 2012, 01:27

comments powered by Disqus