Last Updated: Wednesday, October 3, 2012, 22:12
ज़ी न्यूज़ ब्यूरोबेंगलुरु : भाजपा आलाकमान पर अपना गुस्सा जाहिर करते हुए कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने मंगलवार को भाजपा के वरिष्ठ नेता अरुण जेटली से मिलने से इंकार कर दिया। अरुण जेटली सोमवार को बेंगलुरु पहुंचे लेकिन बगावती तेवर अपनाते हुए येदियुरप्पा बेंगलुरु से 200 किमी. उत्तर में स्थित सिमोगा जा पहुंचे।
येदियुरप्पा ने भाजपा आलाकमान से सवाल किया, `भाजपा के राष्ट्रीय नेता अरुण जेटली मुझसे क्यों मिलना चाहते हैं जबकि मैं तो पार्टी के किसी जिम्मेदार पद पर भी नहीं हूं।` दरअसल येदियुरप्पा ने एक बार फिर भाजपा आलाकमान को धमकी दी है कि अगर उन्हें भाजपा में उचित सम्मान नहीं मिला तो वह भाजपा छोड़ नई पार्टी बना लेंगे। इस धमकी के मद्देनजर अरुण जेटली येदियुरप्पा के अलावा कर्नाटक भाजपा के अध्यक्ष केएस ईश्वरप्पा, उप मुख्यमंत्री आर अशोक और पार्टी के कुछ अन्य स्थानीय नेताओं से बातचीत करने बेंगलुरु पहुंचे हैं।
खबर ये भी है कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी अपनी पार्टी के विस्तार के लिए बीएस येदियुरप्पा में संभावनाएं तलाश रही हैं। बताया जाता है कि ममता की प्रतिनिधि के साथ येदियुरप्पा की लंबी और सकारात्मक बातचीत हुई है। सूत्रों का कहना है कि येदियुरप्पा नई पार्टी बनाने या किसी अन्य पार्टी में शामिल होने के विकल्प पर गंभीरता से विचार कर रहे हैं।
First Published: Wednesday, October 3, 2012, 22:12