Last Updated: Monday, January 7, 2013, 20:30

नई दिल्ली : हाड़ कंपा देने वाली ठंड के साथ धुंध के घने आवरण के कारण समूचे उत्तर भारत में आज भी लोगों को सर्दी से राहत नहीं मिली और पिछले 24 घंटे में देश के विभिन्न भागों में इसके करण 24 लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि उत्तर प्रदेश में भीषण ठंड के कारण 20 लोगों ने दम तोड़ दिया, वहीं उत्तराखंड में चार लोगों की मौत हो गई।
दिल्ली में तापमान 2.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से पांच डिग्री कम रहा। हालांकि कल दिल्ली का तापमान 1.9 डिग्री दर्ज किया गया था। अधिकतम तापमान भी सामान्य से सात डिग्री नीचे गिरकर 13.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने कल से आकाश के साफ रहने का पूर्वानुमान व्यक्त किया है हालांकि सुबह में धुंध रह सकती है।
उत्तर प्रदेश के ज्यादातर मैदानी इलाकों में ठंड से जनजीवन अस्त-व्यस्त है और मुजफ्फरनगर में पारा शून्य से भी नीचे चला गया है । पिछले 24 घंटे के दौरान ठंड लगने से प्रदेश में 20 और लोगों की मौत हो गयी। जानलेवा बनी ठंड से प्रदेश के गाजीपुर में छह, बाराबंकी तथा आजमगढ़ में तीन- तीन, फतेहपुर, सुलतानपुर और चंदौली में दो-दो तथा जौनपुर एवं सिद्धार्थनगर में एक-एक व्यक्ति की मौत होने की खबर है।
मौसम विभाग के मुताबिक, मुजफ्फरनगर में पारा शून्य से नीचे चला गया और यह राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा। न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 0.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से छह डिग्री कम था। प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में अधिकतम तापमान में सात से 15 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आयी है। पिछले 24 घंटे के दौरान लखनउ, इलाहाबाद, अलीगढ़, मुरादाबाद तथा गोरखपुर समेत ज्यादातर मंडलों में रात के तापमान में खासी गिरावट दर्ज की गयी।
अगले 24 घंटे के दौरान उत्तरप्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में शीतलहर चलने तथा घना कोहरा छाया रहने का अनुमान है। इस बीच, आजमगढ़ से प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार जिले में कड़ाके की ठंड पड़ने से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। जिले में ठंड लगने से कई लोगों की मौत हो चुकी है, लेकिन प्रशासन उसकी पुष्टि नहीं कर रहा है।
वहीं, उत्तराखंड में भीषण सर्दी के कारण हरिद्वार में चार महिलाओं की मौत हो गई है। राज्य के कई पर्वतीय जिलों में तापमान शून्य से नीचे चला गया है। अधिकारियों ने बताया कि हरिद्वार जिले में रूड़की के निकट बुधवा शहीद एवं कलियर में सर्दी के कारण चार महिलाओं की मौत हो गई। इनकी उम्र 52 से 62 साल के बीच थी।
हरिद्वार में न्यूनतम तापमान एक डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। जिले में घने कोहरे की चादर भी बिछी हुई है। पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में आज तेज ठंड और घने कोहरे के कारण सामान्य जनजीवन प्रभावित रहा। मौसम विभाग ने बताया कि बृहस्पतिवार से मौसम में थोड़ा सुधार शुरू होगा।
मौसम विभाग के अनुसार, दोनों राज्यों में हरियाणा का हिसार सबसे ठंडा स्थान रहा। यहां का न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 0.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भिवानी में सर्द हवाएं चलने के कारण न्यूनतम तापमान 0.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस कम है। नारनौल का न्यूनतम तापमान तीन डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
अंबाला में रात सर्द रही और यहां का न्यूनतम तापमान तीन डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस कम है। चंडीगढ़ में आज घना कोहरा छाया रहा और रात को यहां मौसम का सबसे कम न्यूनतम तापमान 2.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस कम है। शीतलहर से पंजाब को कोई राहत नहीं मिली है और अमृतसर का न्यूनतम तापमान 1.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस कम है। अमृतसर में कल का अधिकतम तापमान 7.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
पटियाला और लुधियाना में भी जबर्दस्त ठंड रही और यहां का न्यूनतम तापमान क्रमश: 2.4 और 2.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इधर, हाड़ कंपा देने वाली ठंड से मध्य प्रदेश में भी जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है।
मौसम विभाग के सूत्रों के अनुसार रीवा, टीकमगढ और खजुराहो में तापमान दो डिग्री तक पहुंच गया है, जो सामान्य से चार डिग्री तक कम है। इसके साथ ही सतना, नौगांव, पंचमढी, गुना और श्योपुर कला में तीन-तीन डिग्री और सीधी दमोह और शाजापुर में तापमान चार-चार डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
राजधानी भोपाल में दिन भर तेज हवायें चलती रहीं और दिन का तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे आ गया। यहां रविवार इस मौसम का सबसे ठंडा दिन रहा। मौसम विभाग का कहना है कि उत्तरी हवाओं के सीधे असर के कारण दिन और रात के तापमान में ज्यादा गिरावट हो रही है और फिलहाल दो-तीन दिनों तक यही स्थिति बनी रहेगी।
राजस्थान में कडाके की सर्दी से जनजीवन पूरी तरह से अस्त व्यस्त है। चूरू, पिलानी और माउंट आबू में आज पारा जमाव बिन्दू से नीचे पहुंच गया है। वहीं, कई शहरों में पारा जमाव बिन्दू के नजदीक है। मौसम विभाग प्रवक्ता के अनुसार, चूरू में पारा जमाव बिन्दू से नीचे 2.07 डिग्री, पिलानी शून्य से नीचे 1.04 और माउंट आबू में शुन्य से नीचे 0.05 डिग्री है। वहीं, करौली में जमाव बिन्दू पर और श्रीगंगानगर 0.04, वनस्थली 0.08डिग्री तापमान दर्ज किया गया है।
प्रवक्ता के अनुसार दौसा, राजसमंद 1.5, भरतपुर 1.9, फतेहपुर 2.1, जवाई बांध 2.2, जयपुर 2.3, बीकानेर 2.6, सवाई माधोपुर 2.8, बूंदी 3, पाली 3.6, सीकर 3.8, जैसलमेर 4, अजमेर 4.7, कोटा 6.2 और सबसे अधिक जोधपुर में 6.9 डिग्री तापमान दर्ज किया गया है।
शीतलहर के कारण ठंड के प्रकोप के पटना जिला प्रशासन ने आगामी 9 जनवरी तक सभी सरकारी और निजी स्कूलों में शिक्षण कार्य बंद रखे जाने का निर्देश दिया गया है। पटना के जिलाधिकारी संजय कुमार ने ठंड के मद्देनजर आगामी 9 जनवरी जिला में सभी सरकारी और निजी स्कूलों में शिक्षण कार्य को बंद रखे जाने का आज आदेश दिया। (एजेंसी)
First Published: Monday, January 7, 2013, 20:30