तेलंगाना पर पीछे हटने का सवाल नहीं : दिग्विजय

तेलंगाना पर पीछे हटने का सवाल नहीं : दिग्विजय

तेलंगाना पर पीछे हटने का सवाल नहीं : दिग्विजयनई दिल्ली/हैदराबाद : कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह ने शनिवार को कहा कि पृथक तेलंगाना राज्य के गठन के मुद्दे पर पीछे हटने का कोई सवाल ही नहीं पैदा होता। दिग्विजय का यह बयान ऐसे समय में आया है, जब एक दिन पहले ही आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. किरण कुमार रेड्डी ने कांग्रेस नेतृत्व से आग्रह किया था कि राज्य के विभाजन के फैसले को वापस ले लेना चाहिए।

दिग्विजय ने नई दिल्ली में संवाददाताओं से कहा कि कांग्रेस कार्यकारी समिति (सीडब्ल्यूसी) ने सभी से परामर्श करने और सभी राजनीतिक दलों के लगभग सहमत हो जाने के बाद यह निर्णय लिया है। दिग्विजय पार्टी के आंध्र प्रदेश मामलों के प्रभारी भी हैं। उन्होंने कहा, `सीडब्ल्यूसी के निर्णय लेने से पहले तेलंगाना और सीमांध्र के सभी वरिष्ठ नेताओं ने एक सुर से कहा था कि वे हाईकमान का निर्णय मानेंगे।`

दिग्विजय ने कहा, `सभी दलों में लगभग सहमति बन जाने के बाद यह निर्णय लिया गया। तेदेपा, वाईएसआर कांग्रेस और भाजपा जैसी पार्टियां निर्णय से पीछे हट सकती हैं, लेकिन कांग्रेस जैसी राष्ट्रीय पार्टी ऐसा नहीं कर सकती।` आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. किरण कुमार रेड्डी की टिप्पणी के बारे में पूछे जाने पर दिग्विजय ने कहा कि वह बयान देखने के बाद इस पर प्रतिक्रिया देंगे।

रेड्डी ने शुक्रवार को कहा था कि दिग्विजय सिंह कांग्रेस पार्टी के स्थायी महासचिव नहीं हैं और इसके साथ ही उन्होंने उन दावों का मजाक उड़ाया था, जिनमें कहा गया है कि विभाजन विरोधियों द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों पर विचार किया जा रहा है। दिग्विजय ने शनिवार को रेड्डी को याद दिलाया कि वह पूरे राज्य के मुख्यमंत्री हैं। उन्होंने कहा, `वह आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री हैं, जो अभी अविभाजित है। उन्हें उन सभी के मुख्यमंत्री के रूप में काम करना चाहिए, जिनने कांग्रेस को 2009 में चुना था।` (एजेंसी)

First Published: Saturday, September 28, 2013, 18:40

comments powered by Disqus