दक्षिणी सूडान में भारतीय शांति सैनिकों पर हमला, 5 जवान शहीद| Indian peacekeepers

दक्षिणी सूडान में भारतीय शांति सैनिकों पर हमला, 5 जवान शहीद

दक्षिणी सूडान में भारतीय शांति सैनिकों पर हमला, 5 जवान शहीदज़ी न्यूज ब्यूरो/एजेंसी

नई दिल्ली : दक्षिणी सूडान के जोंगलेई इलाके में संयुक्त राष्ट्र मिशन के तहत शांति सैनिक रूप में तैनात भारतीय जवानों पर मंगलवार को हुए हमले में पांच सैनिक शहीद हो गए। भारतीय जवान संयुक्त राष्ट्र के एक काफिले की सुरक्षा में तैनात थे। विद्रोहियों ने जवानों पर घात लगाकर हमला किया।

जवानों के शहीद होने की पुष्ट विदेश मंत्रालय ने की है। भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता सैयद अकबरुद्दीन ने इस बात की पुष्टि करते हुए ट्विटर पर लिखा, ‘दक्षिणी सूडान के जोंगलेई में संयुक्त राष्ट्र मिशन की एक टुकड़ी पर हुए विद्रोहियों के हमले में पांच भारतीय शांति सैनिकों की मौत हो गई है।’

उल्लेखनीय है कि दक्षिणी सूडान को वर्ष 2011 में मिली स्वाधीनता के बाद से जोंगलेई प्रांत में व्यापक जातीय हिंसा की कई वारदातें पहले भी हुई हैं।

हमले में एक ले. कर्नल सहित पांच भारतीय सैनिक शहीद हुए हैं और इतनी ही संख्या में जवान घायल हो गए। वे सभी संयुक्त राष्ट्र शांतिरक्षक मिशन में शामिल थे।

सेना सूत्रों ने बताया कि यह हमला स्थानीय समयानुसार सुबह साढ़े नौ बजे गुमरूक के पास जोंगलेई में हुआ। भारतीय शांतिरक्षकों के शव वापस लाने के लिए व्यवस्था की जा रही है।

भारत दुनिया भर में संयुक्त राष्ट्र शांतिरक्षक बल में प्रमुख सहयोगी रहा है। (एजेंसी)

First Published: Tuesday, April 9, 2013, 18:35

comments powered by Disqus