दिल्‍ली: कॉन्‍सटेबल सुभाष चंद का राजकीय सम्‍मान के साथ अंतिम संस्‍कार

दिल्‍ली: कॉन्‍सटेबल सुभाष चंद का राजकीय सम्‍मान के साथ अंतिम संस्‍कार

दिल्‍ली: कॉन्‍सटेबल सुभाष चंद का राजकीय सम्‍मान के साथ अंतिम संस्‍कारज़ी न्‍यूज ब्‍यूरो

नई दिल्‍ली : राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सामूहिक दुष्कर्म की घटना के खिलाफ रविवार को इंडिया गेट पर हुए विरोध-प्रदर्शनों के दौरान गंभीर रूप से घायल हुए पुलिस कांस्टेबल की मंगलवार सुबह यहां एक अस्पताल में मौत हो गई। आज दोपहर बाद निगमबोध घाट पर कांस्‍टेबल सुभाष चंद का पूरे राजकीय सम्‍मान के साथ अंतिम संस्‍कार कर दिया गया।

कांस्‍टेबल की अंत्‍येष्टि के समय केंद्रीय गृह राज्‍य मंत्री आरपीएन सिंह, दिल्‍ली की मुख्‍यमंत्री शीला दीक्षित भी मौजूद थे। वहीं, दिल्‍ली के पुलिस कमिश्‍नर, कई वरिष्‍ठ पुलिस अधिकारी व अन्‍य लोग भी अंतिम संस्‍कार के समय मौजूद थे।

गौर हो कि कांस्टेबल सुभाष चंद तोमर की हालत बिगड़ने लगी थी और आज सुबह 6.30 बजे उनका निधन हो गया। दिल्‍ली पुलिस के अनुसार, तोमर के परिवार को दिल्‍ली पुलिस मदद करेगी। दिल्‍ली पुलिस के सभी कर्मचारी एक दिन का वेतन मदद के तौर पर देंगे।

बीते रविवार को गैंगरेप के खिलाफ प्रदर्शनों के दौरान जब तोमर तिलक मार्ग पर गिर गए थे तो प्रदर्शनकारियों ने उनके साथ मारपीट की व उन्हें पैरों से कुचल दिया था। एक पारिवारिक सदस्य ने बताया कि तोमर की मौत दिल का दौरा पड़ने से हुई। हिंसा में घायल होने के बाद तोमर को राम मनोहर लोहिया अस्‍तपाल में भर्ती करवाया गया था। हालत बिगड़ने के बाद हवलदार सुभाष चंद तोमर (47) ने आज सुबह राम मनोहर लोहिया अस्पताल में दम तोड़ दिया। अस्पताल में भर्ती होने के बाद से वे वेंटिलेटर पर थे। तोमर उत्तर प्रदेश के मेरठ के रहने वाले थे।

तोमर की नियुक्ति करावल नगर इलाके में थी। रविवार को प्रदर्शन के दौरान उन्हें कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इंडिया गेट बुलाया गया था। वह तिलक मार्ग पर घायल अवस्था में मिले थे। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। गौरतलब है कि राष्ट्रीय राजधानी में 16 दिसम्बर को चलती बस में एक 23 वर्षीया युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना के बाद विरोध-प्रदर्शन हुए थे।

First Published: Tuesday, December 25, 2012, 15:48

comments powered by Disqus