Last Updated: Thursday, December 22, 2011, 17:53

नई दिल्ली : देश के उत्तरी और पूर्वी क्षेत्रों में जबर्दस्त शीतलहर से कोई भी राहत नहीं मिलने के बीच गुरुवार को ठंड से 24 और लोगों की मौत होने के साथ ही पूरे देश में इससे मरने वालों की संख्या बढ़कर 114 हो गई।
ठंड से उत्तर प्रदेश में 13 और लोगों की मौत हो गई जबकि पश्चिम बंगाल में आठ, पंजाब में दो और हरियाणा में एक व्यक्ति की मौत हो गई। इसके अलावा क्षेत्र के कई क्षेत्रों में कोहरे की घनी चादर छायी रही जिससे रेल और सड़क यातायात प्रभावित हुआ।
मौसम विभाग ने बताया कि राजधानी दिल्ली में न्यूनतम तापमान बुद्धवार के 6.8 डिग्री के मुकाबले गुरुवार को छह डिग्री दर्ज किए जाने के बावजूद सुबह में धूप निकलने के चलते दिल्लीवासियों थोड़ी राहत मिली।
कई दिनों तक कड़ाके की ठंड पड़ने के बाद उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में गुरुवार को धूप खिली लेकिन इसके बावजूद शीतलहर और घना कोहरा जारी है जिससे 13 और लोगों की मौत हो गई। इसके साथ ही इस ठंड के मौसम में उत्तर प्रदेश में मरने वालों की संख्या बढ़कर 74 हो गई है।
प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार गत 24 घंटे के दौरान देवरिया में छह लोगों, बरेली में चार और लखनउ में दो और गाजीपुर में एक व्यक्ति की मौत हो गई है। कानपुर शहर में तापमान 2.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि उत्तर प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा। वाराणसी में न्यूनतम तापमान चार डिग्री दर्ज किया गया जो कि सामान्य से पांच डिग्री कम है। अधिकारियों ने बताया कि गत 24 घंटे के दौरान पंजाब और हरियाणा में ठंड के चलते तीन और लोगों की मौत हो गई। दोनों राज्यों में ठंड से मरने वालों की संख्या 14 हो गई। पश्चिम बंगाल में इंग्लिशबाजार ब्लाक के मिलकी ग्राम पंचायत क्षेत्र में आठ लोगों की मौत हो गई।
मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि उत्तर कश्मीर के स्कीइंग रिजॉट गुलमर्ग में निवासियों ने इस मौसम की सबसे ठडी रात का अनुभव किया क्योंकि वहां का तापमान शून्य से 11.4 डिग्री नीचे चला गया।
दक्षिण कश्मीर में पर्यटक स्थल पहलगाम में तापमान शून्य से 7.4 डिग्री नीचे चला गया। गुलमर्ग और पहलगाम दोनों स्थानों पर गत दो दिनों के दौरान हिमपात हुआ है।
अधिकारी ने बताया कि लद्दाख क्षेत्र के दूरदराज लेह जिले में न्यूनतम तापमान शून्य से 16.2 डिग्री नीचे चला गया तथा उससे लगे करगिल जिले में पारा शून्य से 12.8 डिग्री नीचे दर्ज किया गया। (एजेंसी)
First Published: Thursday, December 22, 2011, 23:27