Last Updated: Saturday, June 15, 2013, 18:11
मुंबई : जद (यू) के भाजपा के साथ गठबंधन तोड़ने को लेकर चर्चा के बीच राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) ने शनिवार को उससे धर्मनिरपेक्ष ताकतों के साथ आने का आह्वान किया।
राकांपा नेता डी पी त्रिपाठी ने कहा, ‘हम जद (यू) के भाजपा से अलग होने और धर्मनिरपेक्ष ताकतों के साथ शामिल होने स्वागत करते हैं।’ त्रिपाठी प्रदेश राकांपा की एक बैठक के बाद यहां संवाददाताओं से बातचीत कर रहे थे। इस बैठक में राकांपा प्रमुख शरद पवार भी मौजूद थे।
यह पूछे जाने पर कि धर्मनिरपेक्ष ताकतों से उनका तात्पर्य संप्रग या ‘संघीय मोर्चा’ से है तो त्रिपाठी ने कहा, ‘हां, संप्रग गठबंधन। हम संप्रग का हिस्सा हैं। हम किसी और मोर्चे के साथ नहीं हैं। हम संप्रग के साथ हैं।’ इससे पहले पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पवार ने कहा कि संप्रग सरकार ने पिछले नौ वर्षों में कई मोर्चों पर प्रगति की है।
पवार ने कहा, ‘अनेक चुनौतियां हैं। सचाई बताई जाए। मुख्य सवाल है कि कैसे देश चलाया जाए। कांग्रेस नीत संप्रग सरकार पिछले नौ वर्षों से सत्ता में है। हमने अनेक क्षेत्रों में प्रगति की है और देश की संवृद्धि दर को बढ़ाया है।’
पवार ने कहा, ‘हालांकि, राजनीति में अगर, जिनपर देश को चलाने की जिम्मेदारी है और संसद में उनके पास पर्याप्त संख्या बल नहीं है, तो उसका असर शासन में महसूस किया जाता है। दुनिया जिस नजर से हमें देखती है वह बदलती है।’
पवार ने कहा, ‘दुर्भाग्य से तृणमूल और द्रमुक जैसे हमारे दो सहयोगी दल छोड़कर चले गए। जब किसी भी समय चुनाव होने की चर्चा चल रही होती है तो जहां तक फैसला करने और उन्हें लागू करने का सवाल होता है, प्रशासनिक तंत्र धीमा हो जाता है।’ (एजेंसी)
First Published: Saturday, June 15, 2013, 18:11