Last Updated: Monday, July 16, 2012, 21:13
नई दिल्ली : राजधानी दिल्ली और मध्य प्रदेश में पिछले दो-तीन दिन से मानसून की सक्रियता धीमी पड़ गई थी। लेकिन सोमवार को उत्तर प्रदेश, बिहार सहित इन क्षेत्रों में भी मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया। कुल मिलाकर देश के उत्तरी, पूर्वी एवं मध्य हिस्से में पिछले 24 घंटे में मानसून सक्रिय रहा, जिससे लोगों को गर्मी व धूप से राहत मिली। राजधानी दिल्ली का मौसम सोमवार सुबह से ही गर्म था। दिन चढ़ते धूप और तेज होती गई। दोपहर की धूप झुलसा रही थी।
तापमान भी सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस अधिक था। लेकिन शाम ढलते ही बारिश हुई, जिसके बाद तापमान में कुछ हद तक गिरावट आई। सोमवार को यहां न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 27.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस अधिक 37.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने मंगलवार को भी कई क्षेत्रों में बारिश होने की सम्भावना व्यक्त की है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के एक अधिकारी ने बताया, आसमान पर आंशिक बादल छाए रहेंगे और शहर के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। तापमान अधिकतम 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने के अनुमान है। दिल्ली में पिछले 24 घंटे में करीब 1 मिलीमीटर वर्षा हुई, जबकि आद्र्रता अधिकतम 79 प्रतिशत और न्यूनतम 42 प्रतिशत दर्ज की गई।
उत्तर प्रदेश में राजधानी लखनऊ सहित अधिकतर हिस्सों में झमाझम बारिश हुई। बारिश से मौसम लगातार सुहावना बना हुआ है। रविवार सुबह से लेकर सोमवार सुबह तक वाराणसी, रायबरेली, गोरखपुर, बिजनौर, कानपुर, मेरठ, बहराइच, फरुखाबाद, कन्नौज, महाराजगंज, जौनपुर, मऊ, भदोही, मिर्जापुर, लखनऊ और सुल्तानपुर जिलों में तेज और मध्यम बारिश हुई।
मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटों के दौरान अधिकांश इलाकों में बादल छाए रहने और बारिश होने की सम्भावना है। उत्तर प्रदेश मौसम विज्ञान विभाग के निदेशक जे. पी. गुप्ता ने सोमवार को बताया कि अगले 24 घंटों के दौरान सूबे के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में तेज बारिश की सम्भावना है। अन्य इलाकों में हल्की फुहारें पड़ेंगी और बादल छाए रहेंगे।
मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार सुबह राजधानी लखनऊ का न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन का अधिकतम तापमान 35.0 डिग्री सेल्सियस के आसपास था।
मध्य प्रदेश में मानसून की दस्तक के बाद भले ही जोरदार बारिश न हो रही हो, लेकिन यहां रिमझिम बारिश व फुहारों का दौर जारी है। इससे उमस कुछ कम हुई है और तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है।
पिछले 24 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में फुहारों के साथ रिमझिम बारिश हुई। वहीं अधिकांश इलाकों में बादल छाए रहे। राजधानी भोपाल में रुक-रुककर रिमझिम बारिश होती रही और लगभग पांच मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसी तरह जबलपुर में 12 और ग्वािलयर में आठ मिली मीटर बारिश दर्ज की गई।
मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, राज्य के अनेक हिस्सों मे हुई बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। राजधानी का अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस, इंदौर का 32.4, ग्वालियर का 34.4 और जबलपुर का 27.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग का पूवार्नुमान है कि आगामी कुछ समय में राज्य के कई हिस्सों में बारिश हो सकती है।
बिहार के कई क्षेत्रों में पिछले चौबीस घंटे से रुक-रुककर हो रही बारिश से मौसम खुशगवार हो गया है। बारिश के कारण तापमान में कमी दर्ज की गई है। पटना मौसम विज्ञान केन्द्र के मुताबिक सोमवार सुबह पटना का तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि गया का तापमान 25.0 डिग्री सेल्सियस, पूर्णिया का 26.4 डिग्री सेल्सियस और भागलपुर का सुबह का तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
राजधानी पटना में पिछले 24 घंटे के दौरान 60.9 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। पटना मौसम विज्ञान केन्द्र के निदेशक ए. के. सेन ने बताया कि अगले चौबीस घंटे के दौरान राज्य के अधिकांश इलाकों में गरज के साथ बारिश होने की सम्भावना है। मौसम में खास बदलाव की सम्भावना नहीं है। (एजेंसी)
First Published: Monday, July 16, 2012, 21:13