Last Updated: Thursday, October 27, 2011, 02:49
नई दिल्ली: देशभर में प्रकाश का पर्व दिवाली परम्परागत उत्साह और श्रद्धा के साथ बुधवार को मनाई गई। शाम ढलते ही पूरा देश रोशनी से जगमगा उठा।
मंदिरों में बुधवार सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। यह सिलसिला देर शाम तक चलता रहा। खरीददारी के लिए बाजारों में भारी भीड़ देखी गई। लोग सजावट के सामान, पटाखे, पूजा सामग्रियां, फल-फूल खरीदते देखे गए तो महिलाएं और लड़कियां घर के आंगन में रंगबिरंगी रंगोली बनातीं नजर आईं। मिठाई की दुकानों पर लोगों का सुबह से ही तांता लगा रहा।
दिल्ली, मुम्बई, अहमदाबाद, लखनऊ, वाराणसी, पटना, भोपाल, कोलकाता, अयोध्या में दीपावली श्रद्धापूर्वक मनाई गई। विदेशों में भी भारतीय मूल के लोगों ने हर्षोल्लास से दीपावली मनाई।
मालूम हो कि कार्तिक अमावस्या के दिन दीपावली मनाई जाती है। इस दिन दीप जलाकर धन की देवी लक्ष्मी की पूजा की जाती है। रावण के वध के बाद राम के अयोध्या लौटने की खुशी में भी यह पर्व बुराई पर अच्छाई की विजय के प्रतीक स्वरूप मनाया जाता है। अयोध्या में दिवाली पर्व विशेष उत्साह के साथ मनाया गया। भगवान 14 वर्ष वनवास काटकर जब अयोध्या लौटे तो लोगों ने भाव विभोर होकर दीए जलाकर खुशियां मनाईं।
ब्रिटीश प्रधानमंत्री डेविड कैमरुन ने भारतीय मूल के लोगों की उपस्थिति में प्रकाश पर्व की बधाई देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के रूप में यह उनकी दूसरी दिवाली है। अमेरिकी सीनेट ने तो प्रस्ताव पारित कर इस त्योहार की भारतीय मूल के लोगों को हार्दिक बधाई दी।
(एजेंसी)
First Published: Thursday, October 27, 2011, 12:41