नौसेना ने लक्षद्वीप में बनाया नया बेस - Zee News हिंदी

नौसेना ने लक्षद्वीप में बनाया नया बेस



कोच्चि : रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण लक्षद्वीप में अपनी उपस्थिति को मजबूत करते हुए भारतीय नौसेना ने कवरत्ती में अपने नवीनतम बेस ‘आईएनएस द्वीपरक्षक’ का जलावतरण किया । इससे इलाके में प्रभावी तटीय निगरानी में सहयोग मिलेगा। दक्षिणी नौसेना कमान के फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग इन चीफ वाईस एडमिरल केएन सुशील ने कहा कि लक्षद्वीप पश्चिमी छोर पर हमारे देश की नौसेना की सरहद है और पूर्ण नौसेना बेस का जलावतरण प्रभावी तटीय निगरानी और रक्षा जरूरतों के लिए भारतीय नौसेना की प्रतिबद्धता में एक और मील का पत्थर है।

 

नौसेना ने एक बयान जारी कर बेस का जलावतरण करने वाले सुशील के हवाले से कहा कि पोत यातायात निगरानी और खुफिया जानकारी के लिए राडार स्टेशन एवं अन्य निगरानी उपाय किए गए हैं। नौसेना कवरत्ती में 1980 के दशक से ही एक टुकड़ी का संचालन कर रही है। आईएनएस द्वीपरक्षक के जलावतरण के साथ ही अरब सागर का यह क्षेत्र देश की सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। भारतीय युद्धक पोत इस बेस के साथ ही अपनी गश्ती को दूर तक बढ़ा सकेंगे।

(एजेंसी)

First Published: Monday, April 30, 2012, 21:33

comments powered by Disqus