Last Updated: Friday, April 27, 2012, 12:40
नई दिल्ली : सतह से सतह पर मार करने वाली सुपरसोनिक ब्रह्मोस क्रूज मिसाइल, मध्यम दूरी तक मार करने वाली तोप और पनडुब्बी भेदी रॉकेटों से लैस गाइडेड मिसाइल युद्धपोत आईएनएस तेग को शुक्रवार को रूस में यांतर शिपयार्ड में भारतीय नौसेना में शामिल किया गया।
भारतीय नौसेना के अधिकारियों ने यहां कहा कि आईएनएस तेग आधुनिक जंगी जहाज है और इसकी अत्याधुनिक प्रौद्योगिकियां इसे स्थिर, तीव्र गति और दुश्मन के निगरानी उपकरणों की पकड़ में न आने की क्षमता से लैस बनाती हैं। पोत की तेग श्रेणी सतह, हवा और जल में समन्वित मिशन की भारतीय नौसेना की विशेष कमान एवं नियंत्रण जरूरतों को पूरा करने के उद्देश्य से निर्मित की गई है।
तलवार श्रेणी के गाइडेड मिसाइल पोतों के आधुनिक संस्करण इन जहाजों को नौसेना के अत्यंत शक्तिशाली प्लेटफार्म के रूप में स्थापित करने के लिए इन्हें उन्नत बहु उद्देश्यीय लड़ाकू प्रणाली से लैस किया गया है।
(एजेंसी)
First Published: Friday, April 27, 2012, 19:33