Last Updated: Monday, September 2, 2013, 22:59
जम्मू : एक सप्ताह तक सबकुछ शांत रहने के बाद सोमवार को एक बार फिर पाकिस्तानी सैनिकों ने नियंत्रण रेखा पर संघर्षविराम का उल्लंघन करते हुए गोलीबारी की। रक्षा विभाग के एक प्रवक्ता ने बताया कि पाकिस्तानी सैनिकों ने जम्मू एवं कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा के नजदीक भारतीय चौकियों पर अकारण गोलीबारी की।
रक्षा प्रवक्ता ने बताया कि पुंछ जिले के मेंढर सेक्टर में भारतीय चौकियों पर पाकिस्तानी सैनिकों ने छोटे एवं स्वचालित हथियारों से हमला किया।
उन्होंने कहा, "पाकिस्तानी सैनिकों ने अपराह्न 1.0 बजे गोलीबारी शुरू की। हमारे सैनिकों ने भी समुचित जवाब दिया तथा दोनों तरफ से अपराह्न 2.0 बजे तक गोलीबारी चलती रही।"
जम्मू एवं कश्मीर में नियंत्रण रेखा तथा अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर दोनों पक्षों की तरफ से संघर्षविराम का उल्लंघन किए जाने के कारण सीमा के नजदीक रहने वाले हजारों लोगों के लिए चिंता का सबब बना हुआ है।
ऐसी खबरें हैं कि अक्सर होने वाली गोलीबारी से बचने के लिए कई परिवारों ने पिछले सप्ताह अपना गांव छोड़ने का फैसला ले लिया है।
भारत ने पाकिस्तान पर नवंबर, 2003 में दोनों देशों के बीच हुए संघर्षविराम समझौते का उल्लंघन करने का आरोप लगाया है। (एजेंसी)
First Published: Monday, September 2, 2013, 22:59