पूरे उत्तर भारत में जानलेवा ठंड, यूपी में 11 और की मौत

पूरे उत्तर भारत में जानलेवा ठंड, यूपी में 11 और की मौत

पूरे उत्तर भारत में जानलेवा ठंड, यूपी में 11 और की मौतनई दिल्ली : उत्तर प्रदेश और जम्मू एवं कश्मीर सहित देश के तमाम उत्तरी राज्यों में सर्द हवाओं का प्रकोप जारी है। पंजाब और हरियाणा में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। दिल्ली में भी कई दिनों से जारी भीषण ठंड का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार को दिन में मौसम हालांकि साफ रहा, लेकिन यहां न्यूनतम तापमान 2.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

उत्तर प्रदेश के विभिन्न इलाके शीतलहर की चपेट में है और ठंड जानलेवा बनी हुई है। कड़ाके की ठंड से बीते 24 घंटों में 11 और लोगों की मौत हो गई है, जिन्हें लेकर इस मौसम में मरने वालों की संख्या 140 पहुंच गई है। बीते 24 घंटों के दौरान ठंड से बाराबंकी में छह, सुल्तानपुर जिले में चार और लोगों ने दम तोड़ दिया, जबकि एक व्यक्ति की मौत एटा में हुई है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार, अगले 48 घंटों के दौरान प्रदेश में मौसम के मिजाज में कोई खास बदलाव होने वाला नहीं है, जबकि अनेक भागों में घने कोहरे एवं पाला पड़ने की संभावना है।

उत्तर प्रदेश मौसम विज्ञान विभाग के निदेशक जे.पी. गुप्ता ने बताया कि उत्तर और उत्तर-पश्चिम की ओर से आने वाली बर्फीली हवाओं की वजह से न्यूनतम तापमान दो से चार डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहेगा। कड़ाके की ठंड से राहत के लिए अभी और इंतजार करना पड़ेगा। शनिवार को लखनऊ का न्यूनतम तापमान लगभग 3.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि अधिकतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, ताज नगरी आगरा में अगले कुछ दिनों तक कोहरे के साथ मौसम सर्द बना रहेगा। यहां शनिवार को कोहरे की मोटी परत छाई रही और न्यूनतम तापमान 2.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लगातार गिर रहे तापमान के अलावा उत्तर प्रदेश में घने कोहरे की वजह से लोगों की मुश्किलें बढ़ी हैं। वातावरण में आर्द्रता का स्तर 100 प्रतिशत बना हुआ है।

जम्मू एवं कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में शुक्रवार की रात इस मौसम की सबसे सर्द रात रही। शनिवार को न्यूनतम तापमान शून्य से 5.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। अगले कुछ दिनों में राज्य के लगभग सभी क्षेत्रों में रात का पारा और गिरने का अनुमान है। स्थानीय मौसम कार्यालय के निदेशक सोनम लोटस के मुताबिक, `यहां सुबह का तापमान शून्य से 5.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। मौसम शुष्क रहने की वजह से अगली कुछ रातों में पारा और भी गिरने का पूर्वानुमान है।`

लद्दाख क्षेत्र के लेह में शनिवार को शून्य से 16.8 डिग्री नीचे तापमान दर्ज किया गया। गुलमर्ग स्की रिसॉर्ट में शून्य से 9.4 डिग्री सेल्सियस नीचे व पहलगाम पर्यटक रिसॉर्ट में शून्य से 5.4 डिग्री सेल्सियस नीचे तापमान दर्ज किया गया। श्रीनगर की डल झील में कई स्थानों पर बर्फ जम गई है। हिमाचल प्रदेश में सर्द हवाओं का प्रकोप जारी रहा। प्रदेश में तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया गया। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि सर्द मौसम के बावजूद प्रदेश में दिन के समय धूप देखी जा रही है। राजधानी शिमला का न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री नीचे 0.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मनाली का न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 1.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि किन्नौर जिले के काल्पा में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 4.4 डिग्री सेल्सियस और केलांग में शून्य से नीचे 7.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। धर्मशाला में न्यूनतम तापमान शून्य से 5.2 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक बर्फबारी की संभावना नहीं है।

पंजाब और हरियाणा में भी सर्द हवाएं चल रही हैं। हरियाणा के नारनौल जिले में न्यूनतम तापमान शून्य दर्ज किया गया। मौसम विज्ञान कार्यालय के एक अधिकारी के अनुसार, नारनौल प्रदेश का सबसे ठंडा राज्य रहा। भिवानी का न्यूनतम तापमान 1.2 डिग्री, हिसार का 1.5 डिग्री, करनाल का 2.6 डिग्री और अंबाला का 3.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकारी ने बताया कि पंजाब के अमृतसर में सबसे कम चार डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। वहीं चंडीगढ़ का न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस मापा गया। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में शनिवार सुबह कोहरा छाया रहा।

दिल्ली में कई दिनों से जारी कड़ाके की ठंड का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार को भी न्यूनतम तापमान सामान्य से चार बिंदु नीचे 2.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन में हालांकि मौसम साफ रहा, धूप भी निकली मगर रात के तापमान में गिरावट की संभावना है। मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक अधिकतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। शहर की सड़कों पर दृश्यता का स्तर 600 मीटर मापा गया। (एजेंसी)

First Published: Saturday, January 5, 2013, 19:32

comments powered by Disqus