Last Updated: Thursday, March 14, 2013, 18:49

नई दिल्ली : कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में 16वां साल शुरू करते हुए सोनिया गांधी ने आज कहा कि पार्टी की बागडोर संभालना आसान काम नहीं था और उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को इस बात का श्रेय दिया कि उनकी मदद से वह अपनी जिम्मेदारी सही ढंग से निभा पाईं।
66 वर्षीय सोनिया ने नेताओं से कहा, ‘यह कोई आसान काम नहीं था। लेकिन आपके सहयोग तथा कार्यकर्ताओं के प्यार एवं स्नेह से यह संभव हुआ। कार्यकर्ताओं ने इस काम को आसान कर दिया और श्रेय उन्हें जाता है।’ बतौर कांग्रेस अध्यक्ष यह सोनिया गांधी का चौथा कार्यकाल है। इस कार्यकाल के लिए वर्ष 2010 में वह निर्विरोध निर्वाचित हुई थीं। उनका कार्यकाल वर्ष 2015 में समाप्त हो रहा है। दरअसल पार्टी संविधान में बदलाव किया गया है जिसके मुताबिक अब तीन साल के बजाय पांच साल पर संगठनात्मक चुनाव की व्यवस्था है।
सोनिया गांधी ने 127 साल पुरानी कांग्रेस पार्टी में सबसे अधिक समय तक पार्टी प्रमुख बनकर एक इतिहास रचा। सोनिया के राजनीतिक करियर में मई 2004 अहम मोड़ था जब उन्होंने गठबंधन के रास्ते कांग्रेस को केंद्र में सफलतापूर्वक सत्ता तक पहुंचाया। सत्ता मिलने के बाद नाटकीय घटनाक्रम में उन्होंने प्रधानमंत्री का पद अस्वीकार कर दिया और अर्थशास्त्री से नेता बने मनमोहन सिंह का नाम देश के इस कार्यकारी शीर्ष पद के लिए आगे कर दिया।
उन्होंने मार्च, 1998 में कांग्रेस की बागडोर संभाली थी। उससे पहले उसी साल लोकसभा चुनाव में पार्टी का प्रदर्शन बहुत खराब रहा था और सीताराम केसरी को कांग्रेस अध्यक्ष से हटना पड़ा था। वर्ष 1998 में उत्साहविहीन और बंटी हुई कांग्रेस बहुत ही खराब दौर से गुजर रही थी और कुछ ही राज्यों में उसकी सरकार थी, लेकिन सोनिया के नेतृत्व में पार्टी ने एक बार फिर जड़ें जमाईं और पहले 2004 और फिर 2009 के लोकसभा चुनाव में सबसे बड़े दल के रूप में उभरी कांग्रेस ने सहयोगियों के साथ मिलकर सत्ता संभाली।
केंद्रीय सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री कपिल सिब्बल, दिल्ली की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित, नियोजन राज्यमंत्री राजीव शुक्ला, दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जेपी अग्रवाल समेत कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता इस अवसर पर सोनिया गांधी को बधाई देने उनके निवास पर पहुंचे। सोनिया के आवास के बाहर राजीव शुक्ला ने संवाददाताओं से कहा, ‘हमने उन्हें पार्टी को नेतृत्व प्रदान करने एवं उसे मजबूत करने के लिए धन्यवाद दिया।’ (एजेंसी)
First Published: Thursday, March 14, 2013, 18:47