बादल हो सकते हैं एनडीए के नए संयोजक

बादल हो सकते हैं एनडीए के नए संयोजक

बादल हो सकते हैं एनडीए के नए संयोजकनई दिल्ली : भाजपा नीत गठबंधन से जदयू के अलग होने के बाद पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल राजग के नए संयोजक हो सकते हैं और उन्हें 2014 के चुनावों से पहले अन्य दलों को विपक्षी गठबंधन में शामिल होने के लिए मनाने का काम सौंपा जाएगा।

भाजपा के सूत्रों ने आज बताया कि 85 वर्षीय बादल को राजग का संयोजक बनाया जा सकता है। यह पद जदयू के भाजपा से रिश्ते तोड़ने के बाद खाली हो गया है। इससे पहले जदयू अध्यक्ष शरद यादव राजग के संयोजक थे।

राजग के गठन के समय से ही गठबंधन के संयोजक का पद जदयू के पास रहा। शरद यादव से पहले जॉर्ज फर्नांडीज ने इस पद पर रहते हुए नये दलों का विश्वास जीतने में अहम भूमिका अदा की। अनेक दलों के बीच बादल की अच्छी साख मानी जाती है और उनके संयोजक बनने से राजग को मजबूत होने में भी मदद मिल सकती है। हालांकि भाजपा फिलहाल अगले लोकसभा चुनाव अपने दम पर लड़कर ज्यादा से ज्यादा सीटें जीतने की कोशिश करने और बाद में गठबंधन में सहयोगी दलों को जोड़ने के बारे में सोच सकती है।

पहले खबरें थीं कि शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे राजग के नए संयोजक हो सकते हैं लेकिन भाजपा के सूत्र बताते हैं कि बादल पहली पसंद हो सकते हैं। (एजेंसी)

First Published: Friday, June 28, 2013, 22:26

comments powered by Disqus