Last Updated: Tuesday, August 21, 2012, 22:05
नई दिल्ली : हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली सहित उत्तर भारत के अधिकांश भागों में मंगलवार को झूम के बारिश हुई। यद्यपि बिहार एवं पूर्वी उत्तर प्रदेश के इलाकों से बादलों की बेरुखी जारी रही। मौसम विभाग ने फिलहाल आने वाले दिनों में बारिश की उम्मीद जताई है।
दिल्ली में मंगलवार सुबह हुई इस मौसम की सबसे जोरदार बारिश ने जहां लोगों को गर्मी से राहत प्रदान की, वहीं शहर के कुछ हिस्सों को जलमग्न भी कर दिया। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि राजधानी में चार सेमी बारिश हुई है जो इस मौसम की सर्वाधिक बारिश है।
अधिकारी ने कहा कि बुधवार को आसमान में सामान्यत: बादल छाए रहेंगे। शहर के कुछ हिस्सों में दिन में कई बार बारिश होने की सम्भावना है। कई स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। दिन में अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 33 डिग्री सेल्सियस और 24.8 डिग्री सेल्सियस था।
गौरतलब है कि जून अंत से मानसून की शुरुआत के बाद से अभी तक दिल्ली में कुल 244.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। यह सामान्य से 47 प्रतिशत कम है। दिल्ली में मानसून 20 सितम्बर तक बने रहने की उम्मीद है। उत्तर प्रदेश में कई दिनों से बारिश की आस लगाए बैठे किसानों का इंतजार खत्म हुआ और मंगलवार को राजधानी लखनऊ सहित मध्य एवं पश्चिम में झमाझम बारिश हुई। मौसम विभाग ने दिन में अभी और बारिश होने की उम्मीद जताई है। यद्यपि पूर्वी उत्तर प्रदेश में बारिश का इंतजार जारी है।
उत्तर प्रदेश मौसम विज्ञान विभाग के निदेशक जे. पी. गुप्ता ने बताया कि मंगलवार सुबह राजधानी और आसपास के इलाकों में अच्छी बारिश हुई है और आने वाले दिनों में और अधिक बारिश होने की उम्मीद है। मौसम विभाग के मुताबिक आज लखनऊ अधिकतम तापमान 30 डिग्री दर्ज किया गया।
पटना सहित बिहार के अधिकांश क्षेत्रों में पिछले तीन दिनों से बारिश न होने के कारण लोग उमस भरी गरमी से परेशान हैं। मौसमविदों के अनुसार अगले दो दिनों तक बारिश की सम्भावना नहीं है।
मौसम विज्ञान केन्द्र के मुताबिक मंगलवार सुबह पटना का तापमान 28़ 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि गया का तापमान 27़ 7 डिग्री, पूर्णिया का 27़ 5 डिग्री और भागलपुर का तापमान 27़ 4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। पटना का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पटना मौसम विज्ञान केन्द्र के निदेशक एके सेन ने बताया कि अगले दो दिनों तक बारिश होने की सम्भावना नहीं है। लेकिन दो दिनों के बाद तेज बारिश होने की सम्भावना है। बारिश न होने के कारण तापमान में वृद्घि हो रही है। (एजेंसी)
First Published: Tuesday, August 21, 2012, 22:05