बारिश से भीगा उ. भारत, राजस्थान पहुंचा मॉनसून

बारिश से भीगा उ. भारत, राजस्थान पहुंचा मॉनसून

नई दिल्ली : दक्षिणी-पश्चिमी मॉनसून के राजस्थान पहुंचने के साथ ही गुरुवार को उत्तरी भारत के विभिन्न भागों में भारी वर्षा हुई है, जिससे तापमान में अचानक गिरावट आई है। मानसून पूर्वानुमान से विपरीत पांच दिन पहले ही राजस्थान पहुंचा है।

हिमाचल प्रदेश में आज बिजली चमकने के साथ भारी वर्षा भी हुई। राज्य के मंडी जिले में आज सुबह बिजली गिरने से एक किसान की मौत हो गई। राजधानी दिल्ली में दिन भर बादल छाए रहे तथा हल्की बारिश हुई। राजधानी वासियों के लिए सामान्य तौर पर मौसम सुहाना बना रहा। दिल्ली के अधिकतम तापमान में कल के मुकाबले सात डिग्री गिरावट दर्ज की गई। आज राजधानी का अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

राजधानी में न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री ऊपर 28.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि दिल्ली में उमस 62 से 72 प्रतिशत तक रहा। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले कुछ दिनों तक राजधानी में वर्षा होगी और तापमान सामान्य से कम रहेगा। भारतीय मौसम विभाग ने कल कहा था कि मॉनसून पूर्वानुमान से करीब एक सप्ताह पहले दिल्ली पहुंच रहा है। पहले मानसून के 29 जून तक दिल्ली पहुंचने का अनुमान लगाया गया था।

मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि राजस्थान में मॉनसून तय समय से कई दिन पहले ही पहुंच गया है। अनुमान था कि मॉनसून 18 जून तक राजस्थान पहुंचेगा। मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि दक्षिण पूर्वी राजस्थान के हिस्सों में मानसून ने प्रवेश किया है और उदयपुर क्षेत्र पर बना हुआ है। आगामी दो-तीन दिन में प्रदेश के कई हिस्सों में मानसून सक्रिय हो जाएगा। पिछले 24 घंटों में राज्य के विभिन्न हिस्सों में हल्की बारिश हुई है। राज्य के बालेसर और शेरगढ़ क्षेत्र में रेकार्ड नौ सेंटीमीटर वर्षा हुई है। (एजेंसी)

First Published: Friday, June 14, 2013, 00:25

comments powered by Disqus