भाजपा कोर ग्रुप की बैठक आज, होंगे अहम फैसले

भाजपा कोर ग्रुप की बैठक आज, होंगे अहम फैसले

नई दिल्ली : भाजपा के कोर ग्रुप की आज बैठक होगी जिसमें कर्नाटक के सदानंद गौड़ा के स्थान पर लिंगायत समुदाय के जगदीश शेट्टर को मुख्यमंत्री बनाए जाने और उपराष्ट्रपति चुनाव की रणनीति को अंतिम रूप दिया जाएगा।

भाजपा अध्यक्ष नितिन गडकरी ने शेट्टर को कर्नाटक का नया मुख्यमंत्री बनाये जाने पर अंतिम निर्णय करने के लिए पार्टी के कोर ग्रुप की बैठक बुलाई है। शेट्टर कर्नाटक के ग्रामीण विकास मंत्री हैं और मुख्यमंत्री पद के लिए बी एस येदियुरप्पा की पसंद हैं।

पार्टी प्रदेश में उपमुख्यमंत्री भी नियुक्त कर सकती है ताकि प्रदेश में अन्य समुदाय के पार्टी नेताओं को संतुष्ट किया जा सके। उप मुख्यमंत्री पद के लिए राज्य के मंत्री आर अशोक और कर्नाटक भाजपा प्रमुख के एस ईश्वरप्पा के नाम की चर्चा है। कोर ग्रुप की बैठक में उपराष्ट्रपति पद के लिए होने वाले चुनाव पर भी चर्चा होगी।

सूत्रों ने कहा कि उपराष्ट्रपति चुनाव में विपक्ष के पास संख्या बल नहीं होने के कारण इस बात की संभावना है कि पार्टी अपना उम्मीदवार खड़ा नहीं करे बल्कि अपने सहयोगी या गैर कांग्रेसी पार्टी के उम्मीदवार का समर्थन करे। बैठक में राष्ट्रपति चुनाव और इसी संदर्भ में संप्रग के उम्मीदवार प्रणव मुखर्जी से जुडे लाभ के पद के मुद्दे पर भी चर्चा हो सकती है। (एजेंसी)

First Published: Saturday, July 7, 2012, 11:20

comments powered by Disqus