भाजपा में उपजे दरार पर कांग्रेस ने साधा निशाना

भाजपा में उपजे दरार पर कांग्रेस ने साधा निशाना

नई दिल्ली : नरेंद्र मोदी की बड़ी भूमिका को लेकर भाजपा में कथित दरार पर निशाना साधते हुए कांग्रेस ने आश्चर्य जताया कि क्या आरएसएस ‘नमोनाइटिस’ का इलाज प्रदान कर सकती है। स्वास्थ्य आधार पर लालकृष्ण आडवाणी जैसे पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में हिस्सा नहीं लेने के संदर्भ में यह बात कही गई।

पार्टी ने यह भी चेतावनी दी कि मोदी के समर्थन में आडवाणी के आवास के बाहर प्रदर्शन इस बात का स्पष्ट संकेत है कि अगर गुजरात के मुख्यमंत्री को राष्ट्रीय स्तर पर पार्टी का नेतृत्व सौंपा गया तो क्या स्थिति हो सकती है। कांग्रेस प्रवक्ता रेणुका चौधरी ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘आडवाणी के आवास के बाहर जो कुछ भी हो रहा है उसे हम सबको डरना चाहिए। अगर कोई व्यक्ति जो वस्तुत: उस राजनैतिक दल का निर्माता है अगर उसे इस तरह के असभ्य व्यवहार का सामना करना पड़ रहा है तो देश के सामने चेतावनी है कि उनके साथ क्या होने वाला है। वह हमें डराता है।’

गोवा में भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में हिस्सा नहीं लेने पर मोदी समर्थकों के एक समूह ने दिल्ली में 30 पृथ्वीराज रोड स्थित आडवाणी के आवास के बाहर प्रदर्शन किया। ऐसा कहा जा रहा है कि गुजरात के मुख्यमंत्री को बड़ी भूमिका दिए जाने का आडवाणी विरोध कर रहे हैं। रेणुका ने कहा, ‘देश ने ट्रेलर देखा है। पूरी फिल्म देखी जानी अभी बाकी है। सबसे वरिष्ठ नेताओं से ऐसा बर्ताव किया जा रहा है। राष्ट्र इन बातों को याद रखता है।’

पार्टी महासचिव दिग्विजय सिंह ने अपने ट्वीट संदेश में कहा, ‘रेणुका को पूरे नंबर। भाजपा नमोनाइटिस से पीड़ित है। संघ में कोई है जो इस बीमारी का इलाज कर सकता है।’ यह पूछे जाने पर कि क्या कांग्रेस को भी नमोनाइटिस से पीड़ित होने की आशंका है तो चौधरी ने कहा, ‘हम टेफ्लॉन कोटेड हैं।’ भाजपा नेता यशवंत सिन्हा ने कहा, ‘मुझे नमोनिया नहीं है। मेरा स्वास्थ्य बिल्कुल ठीक है। लेकिन गोवा नहीं जाने के अन्य कारण हो सकते हैं जिसके कारण मैं वहां नहीं गया हूं।’ (एजेंसी)

First Published: Saturday, June 8, 2013, 23:23

comments powered by Disqus