भूकंप से थर्राया इंडोनेशिया, भारत में भी झटके - Zee News हिंदी

भूकंप से थर्राया इंडोनेशिया, भारत में भी झटके



ज़ी न्‍यूज ब्‍यूरो

 

नई दिल्‍ली : देश के कई हिस्‍सों में दोपहर बाद करीब ढाई बजे भूकंप के झटके महसूस किए गए। असम, पश्चिम बंगाल, बिहार, कर्नाटक, तमिलनाडु में झटके महसूस किए गए। हालांकि जानमाल के नुकसान की अभी तक कोई खबर नहीं है। इंडोनेशिया के सुमात्रा तट पर आए 8.6 तीव्रता वाले भीषण भूकंप के बाद भारत ने निकोबार द्वीपसमूह के लिए सुनामी की चेतावनी जारी की। चेन्‍नई के विभिन्न भागों में आज दोपहर बाद भूकंप के तगड़े झटके महसूस किए गए। लोग अपने घरों और दफ्तरों से घबराकर बाहर निकल आए। इस बीच, एनडीआरएफ की छह टीमें चेन्‍नई रवाना कर दी गई हैं। कई तटीय इलाके खाली कराए जा रहे हैं। मुंबई से 150 किलोमीटर दूर समुद्र में झटके महसूस किए गए हैं।

 

इंडोनेशिया में बुधवार को दूसरी बार भूकंप के झटके महसूस किए गए। इनकी तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 8.2 मापी गई। अमेरिकी भूगर्भ सर्वेक्षण के अनुसार, दूसरी बार आए भूकंप का केंद्र उत्तरी सुमात्रा में बांदा आचेह से 615 किलोमीटर दक्षिण पश्चिम में 16.40 किलोमीटर की गहराई पर था।उसी समय भारत के भी कुछ हिस्‍सों चेन्‍नई, गुवाहाटी में दोबारा झटके महसूस किए गए।

 

इंडोनेशिया में आए तीव्र भूकंप के झटके दक्षिण भारत के चेन्नई, बेंगलूर, तिरूवनंतपुरम सहित अन्य कई शहरों में महसूस किए गए। पुलिस ने बताया कि तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और अंडमान निकोबार द्वीप समूह के कई तटीय इलाकों में चेतावनी जारी कर दी गई है। चेन्नई के मरीन बीच रोड के आसपास के इलाकों को चौकस कर दिया गया है। भूकंप से तुरंत किसी तरह के नुकसान की कोई सूचना नहीं है। दिसंबर 2004 में आई प्रलयंकारी सुनामी ने तमिलनाडु के कई तटीय इलाकों को निगल लिया था और इसमें बहुत से लोगों की जान गई थी। केरल में तिरूवनंतपुरम और कोच्चि में भूकंप के झटके महसूस किए गए। पुलिस ने बताया कि देश की आईटी राजधानी बेंगलूर में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए। इन शहरों में बहुमंजिला इमारतों में रहने वाले और कार्यालयों में काम करने वाले लोग भूकंप आते ही बाहर निकल आए।

 

सुमात्रा में भूकंप के बाद तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और अंडमान द्वीपसमूह के तटीय इलाकों को भी सतर्क करने के साथ अलर्ट जारी कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार, कोलकाता में भूकंप के झटकों के बाद मेट्रो के परिचालन को रोक दिया गया है। अमेरिकी भूगर्भीय सर्वेक्षण ने बुधवार को बताया कि भूकंप का केंद्र प्रांत की राजधानी बान्दा आसेह से करीब 495 किलोमीटर दूर समुद्र की सतह से 33 किलोमीटर नीचे था।

 

उधर, इंडोनेशिया में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। यहां 8.6 की तीव्रता का जबरदस्‍त भूकंप आया। भूकंप का केंद्र सुमात्रा के करीब बताया जा रहा है। इंडोनेशिया में सुनामी की चेतावनी जारी कर दी गई है। 28 देशों में सुनामी की चेतावनी जारी कर दी गई है।  जानकारी के अनुसार, श्रीलंका, ऑस्‍ट्रेलिया में भूकंप के झटके महसूस किए गए। वहीं सिंगापुर और थाइलैंड में भी झटके आए।

 

इंडोनेशिया के सुदूर पश्चिम स्थित आसेह प्रांत से लगे समुद्र में आए 8.6 की तीव्रता वाले भूकंप के बाद सुनामी की चेतावनी जारी कर दी गई है। इंडोनेशिया की मौसम विज्ञान एवं भूभौतिकी एजेंसी के एक अधिकारी ने बताया कि सुनामी की चेतावनी जारी कर दी गई है। इंडोनेशिया ज्वालामुखी और भूकंप गतिविधियों वाला देश रहा है। 26 दिसंबर 2004 को रिक्टर पैमाने पर 9.1 की तीव्रता वाले भूकंप के बाद हिंद महासागर में जबर्दस्त सुनामी आई थी, जिसमें 2,30,000 लोग मारे गए थे।

 

मौसम विभाग के अनुसार, भूकंप दोपहर दो बजकर आठ मिनट पर आया और इसका केंद्र उत्तरी सुमात्रा में पश्चिमी तट था। देश में अब तक भूकम्प के कारण जानमाल की क्षति की सूचना नहीं है। भारतीय राष्ट्रीय पूर्व सुनामी चेतावनी प्रणाली ने देश में सुनामी की चेतावनी जारी की है।

First Published: Wednesday, April 11, 2012, 18:17

comments powered by Disqus