Last Updated: Wednesday, February 22, 2012, 09:26
ज़ी न्यूज ब्यूरो नई दिल्ली : इतालवी नौसेना द्वारा पिछले सप्ताह दो भारतीय मछुआरों की हत्या के बाद पैदा हुए कूटनीतिक विवाद के मद्देनजर भारतीय विदेश राज्यमंत्री परनीत कौर ने बुधवार को यहां अपने इतालवी समकक्ष स्टेफन डी मिस्टुरा से मुलाकात की। इस मुलाकात में इटली ने भारत पर दबाव बढ़ाते हुए अपना पक्ष रखा। केरल में दो इतालवी जहाजों को हिरासत में लिए जाने के बाद मिस्टुरा आज सुबह भारत पहुंची।
इटली की ओर से बढ़ते कूटनीतिक दबाव के बीच, भारत ने अपने रुख पर कायम रहते हुए दोहराया कि इस मामले में भारतीय कानून ही लागू होगा और यह तय करेगा कि आगे क्या कार्रवाई हो। इतालवी समकक्ष मिस्टुरा से मिलने के बाद परनीत कौर ने दोनों पक्षों के बीच के मतभेद को स्वीकार किया, लेकिन इस संदर्भ में भारत और इटली के बीच किसी समझौते से इनकार भी किया। उन्होंने कहा कि भारतीय कानून ही इस मामले में अपना काम करेगा और और हम निश्चित रूप से कानून के अनुसार कार्रवाई करेंगे। परनीत कौर ने यह भी कहा कि, उन्होंने मिस्टुरा को आश्वस्त किया है कि भारतीय कानून पूरी तरह निष्पक्ष और स्वतंत्र है, इस घटना के संदर्भ में सही निर्णय आएगा।
दो भारतीय मछुआरों की हत्या मामले में इतालवी उप-विदेश मंत्री स्टेफन डी मिस्टुरा ने अफसोस जताया है, वहीं भारतीय विदेश राज्य मंत्री प्रनीत कौर ने कहा है कि इस मामले में भारतीय कानून के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जहां तक कानून का सवाल है तो वे (इटली) अपने अनुसार इसकी व्याख्या करेंगे और हम अपने मुताबिक इसकी व्याख्या करेंगे। मछुआरों को समुद्री लुटेरे समझकर उनकी हत्या करने वाले इतालवी जहाज पर सवार दो नौसैनिकों की गिरफ्तारी के बाद यहां पहुंची मिस्टुरा ने कहा कि हम दो भारतीय मछुआरों के मारे जाने की बात स्वीकार करते हैं। इसमें किसी को संशय नहीं है और यह एक बहुत दुखद घटना है। वैसे उन्होंने कहा कि 15 फरवरी की घटना केरल से लगे अंतर्राष्ट्रीय समुद्री इलाके में हुई थी। उन्होंने कहा कि समुद्र में इतालवी जहाज के सही स्थान का पता लगाने के लिए जांच की जाएगी। उन्होंने इस घटना पर अफसोस जताया। दूसरी ओर कौर ने कहा है कि इतालवी जहाज भारतीय क्षेत्र में था।
यह घटना 15 फरवरी को केरल के तट पर हुई। एक जहाज पर सवार इटली के दो सुरक्षा अधिकारियों ने कथित तौर पर दो भारतीय मछुआरों को समुद्री लुटेरा समझकर उन्हें मार दिया था। इटली का दावा है कि मछुआरों ने जहाज पर सवार सुरक्षाकर्मियों द्वारा बार-बार दी गई चेतावनियों की अनदेखी की थी।
उधर, इटली के मालवाहक जहाज के सुरक्षाकर्मियों द्वारा दो भारतीय मछुआरों की गोली मारकर हत्या करने के विवादास्पद मामले की जांच एक विशेष टीम करेगी। इस टीम का गठन केरल के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक विन्सन एम. पॉल के अधीन किया गया है। इस जांच टीम का नेत़ृत्व कोच्चि के पुलिस आयुक्त एम.आर. अजित कुमार करेंगे। कुमार घटना के बाद से इस मामले में जांच में समन्वय और सहयोग कर रहे हैं।
टीम में कोल्लम के पुलिस अधीक्षक सैम क्रिस्टी डेनियल को भी शामिल किया गया है। उल्लेखनीय है कि इटली के मालवाहक जहाज के चालक दल के सदस्यों ने गत 15 फरवरी को अलाप्पुझा के तट पर भारतीय मछुआरों गेलैस्टीन (45) और अजेश बिंकी को कथित रूप से समुद्री डाकू समझकर उनकी गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस मालवाहक जहाज के सुरक्षाकर्मियों लातोरे मैसिमिलानो एवं सालवातोर को गिरफ्तार किया है।
वहीं, केरल में पिछले सप्ताह मारे गए एक मछुआरे गेलेस्टाइन की विधवा डोरा को सरकारी नौकरी दी जाएगी। केरल मंत्रिमंडल ने बुधवार को यह निर्णय लिया। इतालवी सुरक्षाकर्मियों ने गेलेस्टाइन को मारा था।
First Published: Wednesday, February 22, 2012, 21:26