Last Updated: Sunday, March 3, 2013, 13:48
नई दिल्ली : केरल के प्रसिद्ध गुरुवयूर मंदिर में वार्षिक उत्सव के लिए भगवान श्रीकृष्ण की स्वर्णिम मूर्ति की भव्य यात्रा उत्तर प्रदेश के मथुरा से 13 मार्च को शुरू होगी। यह पवित्र यात्रा कृष्ण जन्मभूमि मथुरा से रवाना होकर वृंदावन और गोवर्धन गिरि जैसे धार्मिक स्थलों तथा उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र, कर्नाटक और तमिलनाडु के प्रमुख मंदिरों से होकर गुजरेगी।
भगवान श्रीकृष्ण की मूर्ति संभवत: 29 मार्च को गुरुवयूर पहुंचेगी जहां नौ दिवसीय अखिल भारतीय श्रीमद् भागवत महासत्रम् उत्सव आयोजित किया गया है। ‘दक्षिण भारत की द्वारिका’ के नाम से प्रसिद्ध गुरुवयूर मंदिर में आयोजित इस 30वें वार्षिक उत्सव में भगवान श्रीकृष्ण की स्वर्णिम मूर्ति की पूजा की जाएगी।
इसी दिन तिरुवनंतपुरम में श्री पद्मनाभास्वामी मंदिर समेत केरल के 500 मंदिरों से भी श्रीकृष्ण की पवित्र यात्राएं गुरुवयूर पहुंचेंगी। भागवत सत्रम् के दौरान करीब 70 विद्वान श्रीमद् भागवत गीता की पवित्र पुस्तक के विभिन्न विषयों पर अपने विचार प्रकट करेंगे। (एजेंसी)
First Published: Sunday, March 3, 2013, 13:48