Last Updated: Sunday, June 24, 2012, 12:28
नई दिल्ली : गढ़चिरौली जिले में बड़ी संख्या में पंचायत सदस्यों के त्याग पत्र देने से चिंतित केंद्र ने महाराष्ट्र सरकार से नक्सल प्रभावित इस क्षेत्र में चुने गए प्रतिनिधियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने को कहा है।
ऐसा कहा जा रहा है कि गृह मंत्री पी चिदंबरम ने हाल में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण से बात की है और उन्हें गढ़चिरौली में निर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिये हैं। माओवादियों की धमकी के बाद कई स्थानीय निकाय सदस्यों ने अपने पद से त्याग पत्र दे दिये हैं।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि गत एक महीने के दौरान गढ़चिरौली की इतापल्ली तहसील से जिला परिषद के दो सदस्यों ने नक्सली धमकी के बाद त्यागपत्र दे दिया था। जिले के भमरागढ़ से चार पंचायत और एक जिला परिषद सदस्य ने अपने पदों से त्यागपत्र दे दिये। इसके साथ ही आने वाले दिनों में कुछ और चुने प्रतिनिधियों के त्यागपत्र देने की अटकलें हैं।
सूत्रों ने बताया कि पूर्व में माओवादियों ने गढ़चिरौली में कई पंचायत या जिला परिषद सदस्यों का अपहरण कर लिया था और उन्हें इसी शर्त पर रिहा किया कि वे उनकी बात का पालन करेंगे।
माओवादियों ने कहा कि वे गढ़चिरौली के ग्रामीण क्षेत्रों में कोई विकास कार्य नहीं चाहते हैं क्योंकि पिछड़ापन और सम्पर्क की कमी उन्हें इन क्षेत्रों में मुक्त विचरण में सहायक बनाते हैं। (एजेंसी)
First Published: Sunday, June 24, 2012, 12:28