Last Updated: Wednesday, January 2, 2013, 00:16

नई दिल्ली : केंद्रीय गृह सचिव की अगुवाई में एक विशेष कार्यबल गठित किया गया है जो हर पखवाड़े राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में महिलाओं की सुरक्षा के मुद्दों की समीक्षा करेगा।
गृह मंत्रालय से मंगलवार को जारी एक बयान के अनुसार यह 13 सदस्यीय कार्यबल नियमित तौर पर दिल्ली पुलिस की कार्य पद्धति की समीक्षा करेगा। यह कार्यबल महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर पुलिस और दिल्ली सरकार की ओर से उठाए गए कदमों की भी नियमित समीक्षा करेगा।
कार्यबल इस मुद्दे पर चर्चाओं के दौरान संसद सदस्यों की ओर से दिए गए सुझावों पर भी विचार करेगा।
इस कार्यबल के सदस्य दिल्ली के मुख्य सचिव, दिल्ली के पुलिस आयुक्त, दिल्ली पुलिस विशेष आयुक्त (यातायात), विशेष आयुक्त (कानून एवं समीक्षा) और दिल्ली महिला आयोग के अध्यक्ष होंगे।
कार्यबल के अन्य सदस्य नई दिल्ली नगर परिषद् (एनडीएमसी) के अध्यक्ष, यातायात आयुक्त, दिल्ली राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र की सरकार, पूर्वी, उत्तरी एवं दक्षिणी दिल्ली नगर निगम के आयुक्त, उत्पाद आयुक्त और गृह मंत्रालय में संयुक्त सचिव (यूटी) हैं।
बयान में कहा गया है कि कार्यबल ऐसे किसी सदस्य को भी शामिल कर सकता है जिसे वह उपयुक्त समझता है।
गौरतलब है कि 16 दिसंबर को दिल्ली में चलती बस में छह लोगों ने 23 साल की लड़की से सामूहिक बलात्कार करने के साथ ही क्रूरता की सारी हदें पार कर उस हमला भी किया था। करीब एक पखवाड़े तक जूझने के बाद छात्रा ने शनिवार तड़के सिंगापुर के माउंट एलिजाबेथ अस्पताल में दम तोड़ दिया। (एजेंसी)
First Published: Tuesday, January 1, 2013, 20:14