Last Updated: Monday, March 18, 2013, 10:56
नई दिल्ली : मिस्र के राष्ट्रपति मोहम्मद मोर्सी भारत से अपने व्यापारिक द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने के उद्देश्य से सोमवार को तीन दिवसीय यात्रा पर दिल्ली पहुंच रहे हैं। इससे पहले वह थोड़ी देर के लिए पाकिस्तान के इस्लामाबाद में रुकेंगे। मिस्र के मंत्रियों एवं शीर्ष व्यापारियों के एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल के अध्यक्ष के रूप में मोर्सी भारत आ रहे हैं। प्रतिनिधिमंडल में मिस्र के संचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री, व्यापार एवं वाणिज्य मंत्री तथा निवेश मंत्री शामिल होंगे।
मिस्र के राष्ट्रपति का यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब भारत तथा मिस्र के बीच व्यवसाय में रिकॉर्ड 30 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। मिस्र ने भारत से काहिरा स्थित प्रख्यात अल अजहर विश्वविद्यालय में सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र में एक उत्कृष्ट केंद्र की स्थापना करने का अनुरोध किया है तथा मिस्र एक अतिसूक्ष्म सैटेलाइट को लांच करने में भारत की सहायता चाहता है। मिस्र में भारत की लगभग 50 औद्योगिक कंपनियां व्यवसाय कर रही हैं जिसमें आदित्य बिड़ला, किर्लोस्कर तथा डॉबर जैसी कंपनियां शामिल हैं। मिस्र में भारत की तरफ से 2.5 अरब डॉलर का निवेश किया गया है तथा भारत, मिस्र का सातवां सबसे बड़ा व्यापारिक सहयोगी है। (एजेंसी)
First Published: Monday, March 18, 2013, 10:56